कुंदन कुमार, पटना। हालही में संपन्न हुए बिहार एमएलसी चुनाव के परिणामों को लेकर जदयू कार्यालय में कल गुरुवार एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक बुलाई गई थी। बैठक के बाद यह दावा किया गया कि पार्टी और गठबंधन में सबकुछ ठीक चल रहा है। हालांकि अब जिस हिसाब से पार्टी नेताओं के बयान सामने आ रहे हैं, उससे कहा जा सकता है कि पार्टी में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। दरअसल एमएलसी चुनाव के बाद अब जदयू में बड़े बदलाव की चर्चा हो रही है, जिसका असर सरकार पर भी पड़ सकता है।

निशांत कुमार को बड़ी जिम्मेदारी देने की मांग

खबरों के मुताबिक जदयू में बड़े बदलाव के बीच निशांत कुमार को सरकार में बड़ी जिम्मेदारी देने की भी मांग व बात सामने आ रही है। इसपर पार्टी विधायक प्रोफेसर ललित नारायण मंडल ने आज पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि, निशांत डिप्टी सीएम क्या? बिहार के भविष्य हैं। वही निशांत के चेहरे को लेकर आगे चुनाव लड़ने की बात पर उन्होंने कहा कि क्यों नहीं लड़ सकते? लगातार वह काम कर रहे हैं, जब पहले आए थे और मंत्री बनने के बाद जितना उन्होंने काम किया। स्वास्थ्य विभाग में वह लगातार काम कर रहे हैं। जनता उनके कामों को पसंद कर रही है। निशांत सिर्फ जदयू ही नहीं पूरे बिहार के भविष्य हैं।

‘गद्दारी करने वालों का होता है इलाज’

वहीं, एनडीए गठबंधन के एकजुट रहने के सवाल पर ललित नारायण मंडल ने कहा कि अगर एनडीए गठबंधन एक नहीं होता तो सरकार कैसे चलती? कुछ सिरफिरे लोग हैं, जो गद्दारी कर देते हैं, उनका इलाज भी होता है। नए लोग ऐसी हिम्मत नहीं कर सकते हैं कि वे पार्टी के साथ गद्दारी करें। वहीं, पीएम मोदी के बिहार दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि, वह देश के प्रधानमंत्री हैं, पूरे देश में वह दौरा कर रहे हैं। बिहार आएंगे, तो बिहार के लिए भी वह कुछ ऐलान करेंगे। हम इसे शुभ मानते हैं।

अपराध को लेकर राजद पर साधा निशाना

वहीं, अपराध को लेकर जदयू विधायक ललित नारायण मंडल ने कहा कि, अपराध आप लोग देखें नहीं हैं। अपराध तो विपक्ष (लालू-राबड़ी सरकार) के जमाने में होता था। आज अपराध होता है, तो तुरंत उसका इलाज हो जाता है। आज एक अणे मार्ग से फैसला नहीं होता है। आज सत्ता के संरक्षण में अपराध नहीं हो रहा है। एक जमाना था जब किसी डॉक्टर का अपहरण होता था….किसी की कार चोरी होती थी, तो उसका फैसला एक अणे मार्ग (मुख्यमंत्री आवास) से होता था।

ये भी पढ़ें- ‘नेपाल-बांग्लादेश से भी बदतर होंगे हालात’, इरफान अंसारी के बयान पर बवाल, भाजपा ने राहुल को घेरा