भिवानी। हरियाणा के भिवानी जिले के धनाना गांव से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां के वीर शहीद हवलदार हुकमी राम सरकारी स्कूल में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब छात्राओं की नजर क्लासरूम के एक कोने पर पड़ी। वहां एक बेहद लंबा सांप कुंडली मारकर बैठा हुआ था। सांप को देखते ही कमरे में मौजूद सभी छात्राओं की चीख निकल गई। वे डर के मारे तुरंत कमरे से बाहर की तरफ भागीं और स्कूल के स्टाफ को इस बात की जानकारी दी।

अनहोनी के डर से बच्चों को भेजा घर

स्कूल की प्रिंसिपल सुदेश चौहान ने बताया कि शनिवार को रोजाना की तरह पढ़ाई चल रही थी। तभी 11वीं क्लास की छात्राओं ने कमरे में सांप होने की बात कही। जब शिक्षकों ने जाकर देखा तो वहां करीब 6 फीट लंबा धामन सांप बैठा हुआ था। इसे आम भाषा में घोड़ा पछाड़ सांप भी कहते हैं। सांप कहीं किसी बच्ची को काट न ले या दूसरे कमरों में न घुस जाए, इस डर से तुरंत ही पूरे स्कूल की छुट्टी कर दी गई। इस स्कूल में 250 से ज्यादा छात्राएं पढ़ती हैं।

3 घंटे तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत गौरक्षा दल की टीम को फोन किया गया। टीम के सदस्य जरूरी इंतजामों के साथ मौके पर पहुंचे। सांप काफी बड़ा था और कोने में छिपा हुआ था, इसलिए उसे पकड़ने में काफी सावधानी बरतनी पड़ी। करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने सांप को सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया। इसके बाद सांप को स्कूल से दूर ले जाकर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया, तब जाकर सभी ने राहत की सांस ली।

बाउंड्री वॉल न होने से बना रहता है खतरा

स्कूल मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य संदीप घनघस ने बताया कि स्कूल की चारदीवारी न होने की वजह से आए दिन ऐसी घटनाएं होती हैं। पूर्व मुख्यमंत्री के समय स्कूल के लिए 55 लाख रुपए मंजूर हुए थे। इस पैसे से बाउंड्री वॉल और एक बड़े हॉल का निर्माण होना था, लेकिन 3 साल बीतने के बाद भी यह काम शुरू नहीं हो सका। स्कूल के चारों तरफ दीवार न होने से जंगली जीव आसानी से परिसर के भीतर घुस आते हैं। कमेटी ने प्रशासन से जल्द से जल्द बाउंड्री वॉल बनवाने की मांग की है।