पानीपत। शहर की विद्यानंद कॉलोनी में गुरुवार रात पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों के बीच हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। देखते ही देखते मामला इतना बिगड़ गया कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर चाकू और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

इस हमले में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जुनैद को मृत घोषित कर दिया। जबकि मेहताब और सईद की हालत नाजुक बनी हुई है और दोनों का आईसीयू में उपचार चल रहा है।

जानकारी के अनुसार मृतक जुनैद और घायल मेहताब व सईद सगे भाई हैं। परिजनों ने बताया कि तीनों ईद की नमाज और त्योहार मनाने के बाद रात में टहलने के लिए घर से निकले थे, तभी पुरानी रंजिश को लेकर दूसरे पक्ष से उनका आमना-सामना हो गया।

स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था, जो गुरुवार रात करीब 8:45 बजे अचानक भड़क उठा। पहले दोनों ओर से कहासुनी और गाली-गलौज हुई, जिसके बाद लाठी-डंडे और तेजधार हथियार निकाल लिए गए।

आरोप है कि दूसरे पक्ष ने जान से मारने की नीयत से चाकुओं से हमला किया, जिसमें तीनों भाइयों के सीने और पेट में गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में वे सड़क पर गिर पड़े। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जुनैद को मृत घोषित कर दिया। वहीं मेहताब और सईद की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।