India International Trade Fair 2026: देश की राजधानी दिल्ली में 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) का आयोजन 13 नवंबर से भारत मंडपम में होने जा रहा है। इस बार मेले में शामिल होने के लिए आम दर्शकों को ज्यादा कीमत चुकानी होगी। ट्रेड फेयर के टिकटों के दाम में 25 से 67 फीसदी तक की बढ़ोतरी की गई है। करीब चार साल बाद टिकट की कीमतों में इजाफा किया गया है। इस बार ट्रेड फेयर देखने आने वाले आम लोगों को पहले के मुकाबले महंगे टिकट खरीदने होंगे। टिकटों की कीमत में बढ़ोतरी का असर खासतौर पर आम दर्शकों पर पड़ेगा। हालांकि, बिजनेस डे के टिकट की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
19 नवंबर से आम लोगों को मिलेगी एंट्री
ट्रेड फेयर का उद्घाटन 13 नवंबर को होगा, लेकिन इस दिन उद्घाटन समारोह के अलावा कोई व्यावसायिक गतिविधि नहीं होगी। आम दर्शकों के लिए मेला 19 नवंबर से खुलेगा और 27 नवंबर तक जारी रहेगा। यानी आम लोग 19 से 27 नवंबर के बीच भारत मंडपम पहुंचकर मेले का आनंद ले सकेंगे। आयोजन के शुरुआती पांच दिन यानी 14 से 18 नवंबर तक बिजनेस डे रहेंगे। इस दौरान कारोबारी, उद्योग जगत से जुड़े लोग और व्यापारिक प्रतिनिधि मेले में हिस्सा ले सकेंगे। बिजनेस डे के टिकट की कीमत पहले की तरह 500 रुपये रखी गई है। इस साल ट्रेड फेयर के टिकटों की कीमतों में करीब चार साल बाद बढ़ोतरी की गई है। सामान्य दिनों में वयस्कों के टिकट में 20 रुपये की वृद्धि हुई है। वहीं, वीकेंड टिकट 150 रुपये से बढ़ाकर 200 रुपये कर दिया गया है।
वयस्कों के टिकट के दाम भी बढ़े
इस साल सामान्य दिनों में वयस्कों का टिकट 80 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये कर दिया गया है। वहीं, शनिवार और रविवार को मेले में प्रवेश के लिए अब 200 रुपये खर्च करने होंगे। पहले वीकेंड का टिकट 150 रुपये था। इस तरह वीकेंड पर बच्चों और वयस्कों दोनों के टिकट महंगे हुए हैं।
28 अक्टूबर को मिली थी प्रस्ताव को मंजूरी
इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (ITPO) की चेयरमैन कमेटी ने 28 अक्टूबर को टिकटों की कीमत बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आईटीपीओ के एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर प्रेमजीत लाल ने बताया कि टिकटों की कीमतों में बदलाव का उद्देश्य आमदनी बढ़ाना नहीं, बल्कि कीमतों को राउंड फिगर में रखना है। उन्होंने कहा कि टिकटों के दाम में बहुत ज्यादा बढ़ोतरी नहीं की गई है।
1979 से आयोजित हो रहा है ट्रेड फेयर
इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर की शुरुआत वर्ष 1979 में हुई थी। पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिन 14 नवंबर के अवसर पर पहली बार इस मेले का आयोजन किया गया था। इसके बाद से 14 नवंबर को ही ट्रेड फेयर की शुरुआत करने की परंपरा रही है। इस बार पहली दफा मेले की शुरुआत की तारीख में बदलाव किया गया है। कोरोना महामारी के बाद वर्ष 2022 में भी ट्रेड फेयर के टिकटों की कीमतों में बढ़ोतरी की गई थी। उस समय आम दर्शकों के टिकट 25 से 33 फीसदी से कुछ अधिक महंगे हुए थे। हालांकि, उस दौरान भी बिजनेस डे के टिकटों की कीमत में कोई बदलाव नहीं किया गया था। इस साल 13 नवंबर को उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 14 से 18 नवंबर तक बिजनेस डे होंगे, जबकि आम दर्शकों के लिए मेला 19 से 27 नवंबर तक खुला रहेगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

