कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़: उत्तराखंड के प्रसिद्ध हिल स्टेशन मुक्तेश्वर घूमने आए फरीदाबाद के पर्यटकों के साथ शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। रामगढ़-सतबुंगा मोटर मार्ग पर दुत्कानेधार के पास पर्यटकों से भरा टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, फरीदाबाद से 22 दोस्तों का समूह टेंपो ट्रैवलर से मुक्तेश्वर घूमने आया था। शुक्रवार को घूमने के बाद सभी लोग भवाली की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान दुत्कानेधार के पास अचानक ट्रैवलर अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा।

खाई में गिरी गाड़ी, मची अफरा-तफरी

हादसा होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और जिला प्रशासन की टीमें भी मौके पर पहुंच गईं।

रेस्क्यू टीम ने खाई में उतरकर 21 यात्रियों को एक-एक कर बाहर निकाला। घायलों को ह्यूमन चेन बनाकर सड़क तक पहुंचाया गया, जिसके बाद उन्हें एंबुलेंस से भवाली और नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भेजा गया।

ट्रैवलर के नीचे दबा था एक यात्री

रेस्क्यू के दौरान एक यात्री के ट्रैवलर के नीचे दबे होने की जानकारी सामने आई। उसे बाहर निकालने के लिए बचाव दल ने काफी मशक्कत की। रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी सीओ भवाली रविकांत सेमवाल समेत पुलिस और प्रशासन के अधिकारी कर रहे हैं।

हादसे में शामिल टेंपो ट्रैवलर का नंबर UP14QT9690 बताया गया है। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m