लोहरदगा। जिले के कुड़ू थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह पिता-पुत्र के रिश्ते को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई। सलगी गरभू टोली गांव में एक पिता ने अपने ही बेटे पर टांगी से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया, लेकिन पुलिस ने तेजी दिखाते हुए करीब एक घंटे के भीतर उसे सलगी जंगल से हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी भी बरामद कर ली है।

एक सप्ताह से पिता-पुत्र के बीच चल रहा था विवाद

पुलिस के अनुसार, गांव निवासी सुरेश वर्मा और उसके बेटे संजय वर्मा के बीच पिछले करीब एक सप्ताह से विवाद चल रहा था। बताया गया कि सुरेश के नशे की हालत में रहने को लेकर संजय अक्सर विरोध करता था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन कहासुनी होती थी।परिजनों के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों से दोनों के रिश्तों में तनाव बना हुआ था।

सोते समय बेटे पर किया हमला

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह सुरेश घर से बाहर गया था। पड़ोस में नशा करने के बाद वह करीब 8 बजे वापस घर लौटा। उस वक्त संजय अपने कमरे में सो रहा था।

पुलिस के मुताबिक, घर पहुंचने के बाद सुरेश ने टांगी उठाई और कमरे में जाकर सो रहे संजय के माथे पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण संजय की मौके पर ही मौत हो गई।

कमरे में खून से लथपथ मिला शव

घटना का पता परिवार के अन्य सदस्यों के कमरे में पहुंचने के बाद चला। वहां संजय को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखकर घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी।वारदात के बाद आरोपी सुरेश मौके से भाग निकला। घटना की खबर फैलते ही गांव में भी तनाव और दहशत का माहौल बन गया।

एक घंटे में जंगल से पुलिस ने दबोचा

सूचना मिलते ही कुड़ू थाना प्रभारी अजीत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए लोहरदगा सदर अस्पताल भेज दिया।

इसके साथ ही आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई। पुलिस ने करीब एक घंटे के भीतर सलगी जंगल से सुरेश वर्मा को हिरासत में ले लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई टांगी भी बरामद कर ली गई है।

हत्या के कारणों की जांच जारी

पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। पिता-पुत्र के बीच विवाद की वजह, घटना से पहले दोनों के बीच हुई बातचीत और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं ग्रामीण भी इस वारदात से स्तब्ध हैं।