संजीव, सोनीपत। जिला लघु सचिवालय के पास स्थित गढ़ी ब्राह्मणन गांव के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में मंगलवार को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया. हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की ओर से किशोर विद्यार्थियों के लिए एक मानसिक स्वास्थ्य परामर्श सत्र रखा गया. इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के मन में उठने वाले विभिन्न सवालों के जवाब देना और उन्हें सही दिशा दिखाना था.
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता और मनोवैज्ञानिक सलाहकार के रूप में रोहतक के मंडलीय बाल कल्याण अधिकारी अनिल मलिक पहुंचे. उन्होंने किशोर विद्यार्थियों से खुलकर बातचीत की और उनके मन में चल रही तमाम उलझनों को दूर किया. बच्चों ने पढ़ाई के तनाव, भविष्य की चिंता, मूड बदलने की समस्या, दोस्तों के दबाव, सोशल मीडिया के बुरे असर, स्क्रीन टाइम, अकेलापन और माता-पिता के साथ होने वाले वैचारिक मतभेदों जैसे कई सवाल पूछे.
मनोवैज्ञानिक सलाहकार ने बच्चों को समझाते हुए कहा कि किशोरावस्था शरीर और मन में बदलाव की उम्र होती है. इस दौरान चिंता और गुस्सा आना बहुत स्वाभाविक है. उन्होंने बच्चों को सलाह दी कि उन्हें परिणाम के बारे में ज्यादा सोचने के बजाय अपनी मेहनत की प्रक्रिया पर ध्यान देना चाहिए. जब भी बहुत ज्यादा गुस्सा आए, तो तुरंत कोई प्रतिक्रिया देने से बचना चाहिए.
कभी भी अपने संस्कारों और पहचान से समझौता नहीं
अधिकारियों ने यह भी कहा कि किसी भी दोस्त के समूह का हिस्सा बनने के लिए कभी भी अपने संस्कारों और पहचान से समझौता नहीं करना चाहिए. इसके अलावा बच्चों को यह भी समझाया गया कि उन्हें मोबाइल की दुनिया यानी रील और असल जिंदगी यानी रियल लाइफ के बीच का फर्क अच्छी तरह समझ लेना चाहिए. सही समय पर मिलने वाला मार्गदर्शन और उचित परामर्श बच्चों के जीवन को सही दिशा दे सकता है.
बच्चों के जीवन में एक नई उम्मीद जगाते हैं
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विद्यालय के प्राचार्य अतुल ने कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों के जीवन में एक नई उम्मीद जगाते हैं और उनके भीतर सकारात्मक सोच को बढ़ाते हैं. इस सत्र के जरिए बच्चों को मानसिक तनाव से निपटने और सुरक्षित माहौल में खुलकर अपनी बात रखने का बेहतरीन अवसर मिला.
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


