अंबाला । बराड़ा कस्बे की पॉश करनाल कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज लूट की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। तीन हथियारबंद नकाबपोश बदमाश एक घर में घुस आए और 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला से सोने के जेवर लूटकर फरार हो गए। विरोध करने पर बदमाशों ने महिला पर बेरहमी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद क्षेत्र में भय और रोष का माहौल है तथा स्थानीय लोग सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग कर रहे हैं।

पीड़ित महिला विद्यावती ने बताया कि वह घर के बरामदे में बैठी थीं, तभी तीन नकाबपोश युवक जबरन घर में घुस आए। महिला के अनुसार एक युवक ने आते ही उनका मुंह दबा दिया, दूसरे ने गला पकड़ लिया, जबकि तीसरे ने जबरदस्ती उनके कानों की बालियां और अंगूठी उतार ली। जब महिला ने चूड़ियां उतारने का विरोध किया तो आरोपियों ने रिवॉल्वरनुमा हथियार की बट से उनके हाथों पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में महिला के हाथ बुरी तरह जख्मी हो गए और वह लहूलुहान हो गईं।

पीड़िता के बेटे विनोद वर्मा ने बताया कि उनका भाई मनोज कुमार बराड़ा गवर्नमेंट स्कूल के नजदीक सुनार की दुकान चलाता है, जबकि उनकी माता करनाल कॉलोनी स्थित घर में रहती हैं। उन्होंने बताया कि पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही अंबाला से सीन ऑफ क्राइम टीम मौके पर पहुंची और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए।


घायल महिला को तुरंत उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बराड़ा ले जाया गया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से करनाल कॉलोनी समेत पूरे बराड़ा क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने की मांग उठाई है।