सोनू वर्मा, नूंह। नूंह जिले के जयसिंहपुर चौकी क्षेत्र में दोपहर साइड देने को लेकर हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। सड़क पर शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में हिंसक टकराव में तब्दील हो गई और फिर दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और पत्थरों की बारिश शुरू हो गई। इलाके में अफरा-तफरी और भगदड़ मच गई। इस खूनी भिड़ंत में दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए, जबकि घटना के बाद पूरे गांव में तनाव और दहशत का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित पक्ष की शिकायत के अनुसार आमिर पुत्र मुस्ताक, साबिर, सम्मा, फरुख पुत्र इल्यास, रहील पुत्र सुलेमान, वसीम पुत्र ताजू, इनाम पुत्र छोटे खां, मन्जी पुत्र आजाद, हाकमीन पुत्र सुलेमान, नौमान पुत्र अहमद जान, रोबिन पुत्र ताजू समेत 5-7 अन्य लोगों ने मिलकर हमला किया।
शिकायतकर्ता नदीम पुत्र जान मोहम्मद निवासी गांव चिलावली ने बताया कि उनका रिश्तेदार रहीसुद्दीन जमीन की रजिस्ट्री के सिलसिले में जयसिंहपुर आया हुआ था। आरोप है कि मुंबई-वडोदरा एक्सप्रेसवे रोड पार करते समय साइड देने को लेकर कहासुनी हुई। इसी दौरान विरोधी पक्ष ने फोन कर अपने साथियों को मौके पर बुला लिया और फिर चारों तरफ से हमला बोल दिया।
आरोप है कि रहीसुद्दीन और डॉ. इरशाद को घेरकर बेरहमी से पीटा गया। सूचना मिलने पर जब परिवार के अन्य लोग बचाव के लिए पहुंचे तो उन पर भी लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और पत्थरों से हमला कर दिया गया। मारपीट में नियामत, असलम समेत कई लोग घायल हो गए। बताया जा रहा है कि नियामत के सिर में पत्थर लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि हमलावरों का कहर यहीं नहीं रुका। आरोपियों ने बाद में गांव से बड़ी संख्या में लोगों को बुला लिया और रिश्तेदार के घर पर धावा बोलते हुए जमकर पथराव किया। अचानक हुए हमले से इलाके में चीख-पुकार मच गई। महिलाएं और बच्चे दहशत में घरों के अंदर छिप गए, जबकि लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। आरोप है कि हमलावर लगातार जान से मारने की धमकियां भी देते रहे।
सूचना मिलते ही जयसिंहपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को किसी तरह काबू किया। सभी घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल नूंह पहुंचाया गया, जहां उनका मेडिकल कराया गया। घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए है।
वहीं चौकी जयसिंहपुर प्रभारी सूबे सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत मिल चुकी है। मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

