यमुनानगर । हरियाणा के यमुनानगर जिले के गांव बाल छप्पर में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब मॉर्निंग वॉक पर निकले एक किसान की अज्ञात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
मृतक की पहचान 50 वर्षीय सतनाम सिंह के रूप में हुई है, जो गांव बाल छप्पर के निवासी थे और खेतीबाड़ी का काम करते थे। जानकारी के अनुसार, सतनाम सिंह रोजाना की तरह सोमवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे घर से टहलने निकले थे। इसी दौरान गांव से कुछ दूरी पर पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं।
गोलियां लगने से सतनाम सिंह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गए। आसपास के लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से सबूत जुटाने शुरू कर दिए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या अन्य कारण हो सकते हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।

