रोहतक। जिले के सबसे बड़े गांव मोखरा में चार बीघा जमीन को लेकर चल रही पुरानी रंजिश ने खूनी रूप ले लिया। शुक्रवार देर रात किसान ओमबीर उर्फ ओमला की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। उनका शव गांव के गोगापीर मंदिर के पास एक गली में खून से लथपथ हालत में मिला। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई।

मृतक के बेटे विजय उर्फ सोनू की शिकायत पर बहुअकबरपुर थाना पुलिस ने आठ लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

लहूलुहान हालत में मिला शव

परिजनों के अनुसार रात करीब 11:15 बजे गांव के दो युवकों ने उन्हें सूचना दी कि ओमबीर गोगापीर मंदिर के पास गंभीर हालत में पड़े हैं। मौके पर पहुंचने पर परिवार ने देखा कि उनके सिर से खून बह रहा था और उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

जमीन विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस को दी शिकायत में विजय ने बताया कि उसके चाचा द्वारा बेची गई चार बीघा जमीन को लेकर दूसरे पक्ष के साथ लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी मामले को लेकर अप्रैल में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकदमे भी दर्ज कराए थे। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से उसके पिता पर हमला कर हत्या कर दी।

8 लोगों पर हत्या का मामला दर्ज

पुलिस ने शिकायत के आधार पर अजय, ललित, रिम्पी, फूलसिंह, बिमलेश, माड़ू, मोनू और छोटू के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। मामले की जांच सीआईए और थाना पुलिस की संयुक्त टीम कर रही है।

गांव में पुलिस तैनात

हत्या की वारदात के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लगातार दूसरे दिन हत्या से बढ़ी चिंता

रोहतक जिले में लगातार दूसरे दिन हत्या की घटना सामने आने से कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। इससे पहले नेहरू कॉलोनी में एक महिला की हत्या का मामला सामने आया था, जिसमें पुलिस जांच जारी है।