यमुनानगर। साढौरा कस्बे के गांव असगरपुर के पास हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। हादसे में लाहड़पुर गांव के पूर्व सरपंच के इकलौते बेटे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार, युवक अपने दोस्तों और चाचा के लड़के के साथ स्कॉर्पियो में सवार होकर घूमने निकला था। बताया जा रहा है कि हादसे से कुछ ही सेकंड पहले कार में बैठे एक युवक ने मोबाइल से वीडियो बनानी शुरू की थी, जिसमें सभी युवक मौज-मस्ती करते नजर आ रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि अगले ही पल एक खौफनाक हादसा उनका इंतजार कर रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सामने से आ रही थार और काली स्कॉर्पियो की आमने-सामने इतनी जबरदस्त टक्कर हुई कि सड़क किनारे खड़ा पेड़ तक जड़ से उखड़कर दूर जा गिरा। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो कई पलटियां खाते हुए सड़क से नीचे जा गिरी, जबकि थार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दोनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में घायल तीन युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद मुलाना और चंडीगढ़ के अस्पतालों में रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे लाहड़पुर गांव में शोक की लहर है।