फतेहाबाद। हरियाणा के फतेहाबाद में एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। यहां एक तेज रफ्तार ट्राला ने सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मुख्य गेट को जोरदार टक्कर मार दी। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय गेट के पास कोई छात्र या स्कूल स्टाफ मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई।
जानकारी के अनुसार, ट्राला रतिया से फतेहाबाद की ओर जा रहा था, तभी चालक को नींद की झपकी आ गई। इसी कारण वाहन का नियंत्रण बिगड़ गया और अनियंत्रित ट्राला सीधे स्कूल के मुख्य गेट से जा टकराया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सीमेंट का गेट पूरी तरह क्षतिग्रस्त होकर दूर जा गिरा।
घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि हादसे के कुछ ही मिनट बाद स्कूल की छुट्टी होने वाली थी। गनीमत रही कि समय रहते कोई छात्र या कर्मचारी वहां मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

