सरिया (गिरिडीह)। सरिया और हजारीबाग रोड रेलवे क्षेत्र के यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेलवे ने धनबाद-कोयंबटूर के बीच नई साप्ताहिक अमृत भारत एक्सप्रेस के परिचालन को मंजूरी दे दी है। इससे दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधी रेल सुविधा मिलेगी।
ट्रेन संख्या 22363/22364 धनबाद-कोयंबटूर-धनबाद अमृत भारत एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन चलेगी। धनबाद से ट्रेन संख्या 22363 की पहली सेवा 22 अगस्त 2026, शनिवार को शुरू होगी, जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 22364 25 अगस्त 2026, मंगलवार को कोयंबटूर से रवाना होगी।
हजारीबाग रोड स्टेशन पर भी होगा ठहराव
धनबाद से कोयंबटूर जाने वाली ट्रेन गोमो, हजारीबाग रोड, कोडरमा, गया समेत कई प्रमुख स्टेशनों से होकर दक्षिण भारत जाएगी। हजारीबाग रोड स्टेशन पर ट्रेन का निर्धारित ठहराव शाम 5:23 बजे से 5:25 बजे तक रहेगा।
वेल्लोर जाने वाले मरीजों को मिलेगी राहत
नई ट्रेन सेवा शुरू होने से सरिया, बगोदर, बिरनी और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को खास फायदा मिलने की उम्मीद है। इन इलाकों से बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए दक्षिण भारत, खासकर वेल्लोर, जाते हैं। कोयंबटूर तक सीधी रेल सुविधा मिलने से मरीजों और उनके परिजनों को यात्रा में काफी सहूलियत होगी।नई अमृत भारत एक्सप्रेस के शुरू होने से दक्षिण भारत जाने वाले यात्रियों के लिए एक और बेहतर रेल विकल्प उपलब्ध हो जाएगा।

