अनिल शर्मा ,शिमला। पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और सामाजिक संरक्षण को नई मजबूती देने की दिशा में मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन ने हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक महत्वपूर्ण पहल की। होलीडे होम में आयोजित भव्य समारोह में पत्रकारों को 10-10 लाख रुपये की निःशुल्क दुर्घटना बीमा पॉलिसियां वितरित की गईं। इस दौरान प्रदेश के शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने संकेत दिए कि 60 वर्ष और उससे अधिक आयु के पत्रकारों के लिए पेंशन योजना को लेकर मुख्यमंत्री सहमत हैं और जल्द इसकी घोषणा हो सकती है।
पत्रकारों के हितों पर मंथन, बीमा पॉलिसियों का वितरण
मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में शिमला नगर निगम के मेयर सुरेंद्र चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। समारोह में प्रदेशभर से आए पत्रकारों के साथ वरिष्ठ पत्रकारों और समाजसेवियों को भी सम्मानित किया गया।कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों के कल्याण, बीमा, स्वास्थ्य सुरक्षा, पेंशन और बदलते मीडिया परिदृश्य में उनकी भूमिका जैसे अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
60 वर्ष से अधिक आयु के पत्रकारों को मिल सकती है पेंशन
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन पत्रकारों के कल्याण के लिए सराहनीय कार्य कर रही है। उन्होंने मंच से रखे गए मांग पत्र का उल्लेख करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री 60 वर्ष और उससे अधिक आयु के पत्रकारों को पेंशन देने के पक्ष में हैं।मांग पत्र में पत्रकारों के लिए पेंशन योजना, कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा, सचिवालय में प्रेस कक्ष की व्यवस्था और वेब पॉलिसी के तहत संपादकों को मान्यता देने जैसी मांगें शामिल थीं।
पत्रकारों के लिए सुरक्षा कवच तैयार कर रहा संगठन
मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर धरणी ने बताया कि संगठन पत्रकारों के लिए टर्म इंश्योरेंस, दुर्घटना बीमा, स्वास्थ्य बीमा और परिवारों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रहा है। जरूरतमंद पत्रकारों को आर्थिक और चिकित्सा सहायता भी दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि बदलते मीडिया दौर में पत्रकारों के हितों और अधिकारों की रक्षा करना समय की सबसे बड़ी जरूरत है और संगठन इसी उद्देश्य को लेकर देशभर में काम कर रहा है।
सरकार पत्रकारों के हितों के लिए प्रतिबद्ध: नरेश चौहान
मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने कहा कि प्रदेश सरकार पत्रकारों के लिए बीमा और पेंशन जैसी कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने की दिशा में गंभीरता से काम कर रही है। लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और पत्रकारों के हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मीडिया वेलबीइंग एसोसिएशन बनी उम्मीद की किरण
शिमला नगर निगम के मेयर सुरेंद्र चौहान ने कहा कि देश में बहुत कम संगठन पत्रकारों के कल्याण के लिए इतने व्यापक स्तर पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज और शासन के बीच मजबूत सेतु का कार्य करते हैं और उनकी सुरक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करना समय की मांग है।
जरूरतमंद पत्रकार परिवारों को मिलेगी निशुल्क एम्बुलेंस सुविधा
कार्यक्रम में समाजसेवी संस्था “नोफल एक उम्मीद” के अध्यक्ष गुरमीत सिंह अरोड़ा ने घोषणा की कि जरूरत पड़ने पर पत्रकार परिवारों को निशुल्क एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही पीजीआई चंडीगढ़ में इलाज के दौरान भी हरसंभव सहायता प्रदान की जाएगी।पत्रकारों के हितों को लेकर आयोजित यह समारोह न केवल बीमा सुरक्षा प्रदान करने का मंच बना, बल्कि पत्रकार पेंशन, स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक संरक्षण जैसे मुद्दों को नई दिशा देने वाला महत्वपूर्ण आयोजन भी साबित हुआ।

