चंडीगढ़। हरियाणा भाजपा की सियासत में रविवार को अहम हलचल देखने को मिलेगी। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आवास पर भाजपा कोर ग्रुप की महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा, आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति, ‘मेरी विकसित विधानसभा अभियान’ और ‘विकसित हरियाणा-2047’ के विजन पर विस्तृत चर्चा होगी। बैठक में केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल रहेंगे।

बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी करेंगे, जबकि केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल विशेष रूप से मौजूद रहेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता, केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और कृष्णपाल गुर्जर, पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु, ओपी धनखड़, कमल गुप्ता, पूर्व सांसद सुधा यादव, सुनीता दुग्गल सहित कोर ग्रुप के सभी प्रमुख सदस्य इसमें भाग लेंगे।

विजन-2047 और नशा मुक्त हरियाणा पर भी होगा मंथन

बैठक में ‘हरियाणा विजन-2047’, नशा मुक्त अभियान और सामाजिक न्याय से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा होने की संभावना है। माना जा रहा है कि भाजपा संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर विकास योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए इस बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा सकते हैं।

‘मेरी विकसित विधानसभा अभियान’ पर बनेगी रणनीति

बैठक में मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी ‘मेरी विकसित विधानसभा अभियान’ को लेकर भी विस्तृत चर्चा होने की संभावना है। जुलाई और अगस्त के दौरान सभी विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में जनता से सीधा संवाद करेंगे। गांवों, वार्डों, किसानों, युवाओं, महिलाओं, उद्योगों, स्वयं सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों से सुझाव लेकर ‘विकसित हरियाणा-2047’ का जनभागीदारी आधारित रोडमैप तैयार किया जाएगा।

शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य पर रहेगा विशेष फोकस

अभियान के तहत शिक्षा, कौशल विकास, स्वास्थ्य, जल संरक्षण, स्वच्छता और पर्यावरण जैसे क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जाएगी। सरकार का लक्ष्य प्रत्येक युवा को कौशल और रोजगार से जोड़ना, आईटीआई व कॉलेजों को उद्योगों से जोड़कर रोजगार क्षमता बढ़ाना तथा मातृ-शिशु स्वास्थ्य, 100 प्रतिशत टीकाकरण और सुरक्षित पेयजल जैसी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करना है।