लक्ष्य वर्मा , करनाल। हरियाणा की राजनीति में करनाल से एक बड़ा सियासी संदेश सामने आया है, जहां केंद्रीय मंत्री और करनाल लोकसभा सांसद मनोहर लाल के जन्मदिन के मौके पर सैकड़ों युवाओं ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया। करनाल के भाजपा कार्यालय ‘कर्ण कमल’ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कुल 416 युवाओं ने पार्टी की नीतियों से प्रभावित होकर औपचारिक रूप से भाजपा जॉइन की, जिससे स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रवीण लाठर की मौजूदगी में इन युवाओं को पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया गया। इस दौरान लाठर ने कहा कि मनोहर लाल के मुख्यमंत्री रहते हुए लागू की गई जनकल्याणकारी नीतियां, खासकर “बिना खर्ची-बिना पर्ची” नौकरी देने की पहल, युवाओं को काफी प्रभावित कर रही है और यही वजह है कि बड़ी संख्या में युवा भाजपा से जुड़ रहे हैं।

उन्होंने अपने संबोधन में यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी सिद्धांतों और आदर्शों पर आधारित संगठन है, जो किसी एक परिवार या वर्ग तक सीमित नहीं है, बल्कि कार्यकर्ताओं की ताकत पर खड़ी पार्टी है। उन्होंने नए जुड़े युवाओं से आह्वान किया कि वे सरकार की योजनाओं और नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का काम करें, ताकि संगठन और मजबूत हो सके।

अब इस घटनाक्रम के बाद सवाल उठने लगे हैं कि क्या इतनी बड़ी संख्या में युवाओं का भाजपा में शामिल होना आने वाले समय में करनाल और आसपास के इलाकों के चुनावी समीकरणों को बदल सकता है, क्योंकि इसे पार्टी के लिए एक बड़े राजनीतिक संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।