चंडीगढ़: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में दो प्रवासी मजदूरों की पहचान पूछकर की गई नृशंस हत्या को लेकर हरियाणा कांग्रेस ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस ने इस आतंकी हमले को मानवता के खिलाफ घृणित और कायराना कृत्य बताते हुए आतंकियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और कठोरतम सजा की मांग की है।

हरियाणा कांग्रेस की ओर से जारी बयान में कहा गया कि कुलगाम में ईंट-भट्टे पर काम करने वाले दो प्रवासी मजदूरों दीपक रात्रे और भूपिंदर की पहचान पूछकर हत्या कर दी गई। यह घटना न केवल बेहद दुखद है, बल्कि मानवता को शर्मसार करने वाली भी है। पार्टी ने कहा कि इस कायराना हरकत की जितनी निंदा की जाए, कम है। आतंकियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई कर उन्हें कड़ी सजा दी जानी चाहिए।

पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी कांग्रेस

कांग्रेस ने शोकाकुल परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा कांग्रेस परिवार पीड़ित परिजनों के साथ खड़ा है। पार्टी ने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति तथा परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

कुमारी शैलजा ने जताया गहरा दुख

वहीं कांग्रेस महासचिव, सिरसा से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा ने भी इस आतंकी हमले की कड़े शब्दों में निंदा की। उन्होंने कहा कि निर्दोष मजदूरों की पहचान पूछकर की गई हत्या अत्यंत दुखद, कायरतापूर्ण और मानवता के विरुद्ध जघन्य अपराध है। आतंकवाद का ऐसा वीभत्स चेहरा किसी भी सभ्य समाज के लिए स्वीकार्य नहीं हो सकता।

दोषियों को जल्द मिले कठोर सजा

कुमारी शैलजा ने कहा कि इस अमानवीय घटना के दोषियों को जल्द से जल्द कानून के दायरे में लाकर कठोरतम दंड दिया जाना चाहिए, ताकि आतंक और हिंसा फैलाने वालों को स्पष्ट संदेश मिले कि देश में ऐसे जघन्य कृत्यों के लिए कोई स्थान नहीं है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m