कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के दबखेड़ी गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब लोगों ने पानी के नाले में करीब 5 से 6 फुट लंबा मगरमच्छ दिखा। आबादी के इतने पास मगरमच्छ दिखने से पूरे इलाके में डर फैल गया है। लोगों ने अपने बच्चों और पालतू पशुओं को बाहर ले जाना लगभग बंद कर दिया है। बता दें कि, नाले के किनारे बने डेरे में लगभग 10 परिवार रहते हैं।
टीम का बचाव अभियान रहा नाकाम
घटना की जानकारी तत्काल वन्य जीव विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही गोताखोर प्रगट सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने मगरमच्छ को पकड़ने के लिए पानी में बड़ा जाल बिछाया। कई घंटों तक पानी में तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि मगरमच्छ बेहद चालाक निकला और टीम की पकड़ में नहीं आया। इसके बाद टीम ने गांव के लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है।
बड़ी नहरों से गांव तक पहुंचा शिकारी
टीम ने बताया कि यह नाला सतलुज यमुना लिंक और भाखड़ा नहर के पानी के रास्ते से जुड़ा हुआ है। माना जा रहा है कि मगरमच्छ इसी रास्ते से तैरता हुआ गांव के पास तक आ पहुंचा। इस इलाके में पहले भी मगरमच्छ दिखने की घटनाएं हो चुकी हैं। बीते महीने 16 तारीख को भी पास के नरकातरी गांव के नाले से 6 फुट लंबा मगरमच्छ सुरक्षित पकड़ा गया था।
लोगों ने बदल दी अपनी दिनचर्या
मगरमच्छ के न पकड़े जाने से गांव में खतरा बना हुआ है। इसी डर से ग्रामीणों ने अपनी दिनचर्या पूरी तरह बदल ली है। लोग अब पशुओं को चराने या पानी पिलाने के लिए नाले की तरफ नहीं ले जा रहे हैं। छोटे बच्चों को भी अकेले घर से बाहर निकलने से रोका जा रहा है। गांव के लोग अब जल्द से जल्द मगरमच्छ के पकड़े जाने का इंतजार कर रहे हैं।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


