वीरेंद्र गहवई, बिलासपुर। इंस्टाग्राम के जरिए युवती को प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म करने के आरोपी को तोरवा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान निलेश कुमार जायसवाल के रूप में हुई है, जिसे पुलिस ने तखतपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार आरोपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर युवती से दोस्ती की थी। बातचीत बढ़ने के बाद आरोपी ने युवती को प्रेम संबंध और शादी का भरोसा दिया। आरोप है कि जन्मदिन मनाने के बहाने आरोपी युवती को होटल लेकर गया, जहां उसने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए।

narayana

पीड़िता ने आरोप लगाया कि आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देता रहा और इसी भरोसे में उसने उसका शारीरिक शोषण किया। बाद में आरोपी ने शादी से इनकार कर दिया, जिसके बाद युवती ने मामले की शिकायत तोरवा थाना पुलिस में दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी को तखतपुर क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है।

तखतपुर क्षेत्र में भी युवती से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार

तखतपुर क्षेत्र में भी शादी का झांसा देकर 14 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा। आरोपी दूसरे राज्य भागने की फिराक में था, जिसे पुलिस ने धर दबोचा। पीड़िता ने तखतपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी शनिराम ध्रुव उर्फ शनिराम गोड, निवासी ग्राम कुसमुली पिछले दो वर्षों से शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा। इस दौरान पीड़िता आठ माह की गर्भवती हो गई, जिसके बाद आरोपी ने शादी से साफ इनकार कर दिया।

पीड़िता की शिकायत पर तखतपुर थाने में आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने त्वरित रेड कार्रवाई करते हुए आरोपी को कोटा बिलासपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी विवेक कुमार पाण्डेय, नरेश निराला, सत्यार्थ शर्मा सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और जवानों का योगदान रहा।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H