अजय सैनी ,भिवानी। भिवानी के नया बाजार स्थित फूल मार्केट में शुक्रवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। बाजार में लगे बिजली ट्रांसफार्मर में अचानक आग लगने से कई फूलों की दुकानें देखते ही देखते आग की चपेट में आ गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नया बाजार बिजली शिकायत केंद्र के सामने लगे ट्रांसफार्मर में अचानक आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि ट्रांसफार्मर के नीचे बने लकड़ी के खोखे और फूलों की दुकानें एक-एक कर जलने लगीं। देखते ही देखते कई दुकानें आग की लपटों में घिर गईं, जिससे व्यापारियों को भारी नुकसान उठाना पड़ा।

घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की दो दमकलें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कई दुकानें पूरी तरह जल चुकी थीं। पुलिस टीम भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने में जुटी रही।

स्थानीय लोगों ने शुरुआत में अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग की तीव्रता के आगे प्रयास नाकाम रहे। दमकल विभाग की कार्रवाई के बाद ही हालात नियंत्रण में आ सके।

आग लगने के कारण नया बाजार और आसपास के क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई है। बताया जा रहा है कि ट्रांसफार्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है और नया ट्रांसफार्मर लगाए जाने के बाद ही बिजली बहाल हो सकेगी। अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि बिजली निगम कितनी जल्दी व्यवस्था सामान्य कर पाता है।