रांची। सावन की अंतिम सोमवारी पर रांची के पहाड़ी मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन और जलार्पण के लिए सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। भीड़ को देखते हुए रांची पुलिस ने मंदिर परिसर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए करीब 1000 अतिरिक्त पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। इनमें जिला पुलिस बल, सशस्त्र बल और सादे लिबास में तैनात पुलिसकर्मी शामिल हैं। मंदिर के मुख्य द्वार, सीढ़ियों, गर्भगृह और मेला क्षेत्र में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
CCTV कैमरों से हर गतिविधि पर नजर
मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के जरिए भीड़ और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस की टीम पॉकेटमारी, छेड़खानी और अन्य संदिग्ध गतिविधियों को रोकने के लिए मुस्तैद है।श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से दर्शन और जलार्पण कराने के लिए जगह-जगह बैरिकेडिंग की गई है। महिलाओं और बुजुर्गों के लिए अलग कतार की व्यवस्था की गई है।
ट्रैफिक व्यवस्था भी कड़ी
अंतिम सोमवारी के चलते पहाड़ी मंदिर मार्ग पर वाहनों का दबाव बढ़ने की संभावना को देखते हुए यातायात पुलिस की अतिरिक्त तैनाती की गई है। शनि मंदिर चौक, रातू रोड चौक समेत प्रमुख चौराहों पर पुलिसकर्मी तैनात हैं।
भीड़ और यातायात की स्थिति को देखते हुए जरूरत पड़ने पर कुछ मार्गों पर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित करने या रूट डायवर्ट करने का निर्णय लिया जा सकता है। पुलिस प्रशासन का फोकस श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन कराने के साथ शहर की यातायात व्यवस्था बनाए रखने पर है।

