सोनीपत। राई स्थित खेल यूनिवर्सिटी में महिला अधिकारी से कथित यौन उत्पीड़न के मामले में आंतरिक जांच समिति ने सहायक प्रोफेसर डॉ. जयपाल को दोषी माना है। जांच समिति ने अपनी गोपनीय रिपोर्ट डीन अकादमिक को सौंप दी है। रिपोर्ट मिलने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने आरोपी सहायक प्रोफेसर को नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। जवाब मिलने के बाद उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

महिला अधिकारी ने अप्रैल में कुलपति अशोक कुमार को लिखित शिकायत देकर पत्रकारिता विभाग में कार्यरत सहायक प्रोफेसर डॉ. जयपाल पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे। शिकायत के अनुसार, दिसंबर 2025 में आरोपी प्रोफेसर ने महिला अधिकारी को कई बार वाट्सऐप पर अश्लील मैसेज भेजे और आधी रात के बाद वाट्सऐप कॉल की। महिला अधिकारी ने आरोप लगाया कि आरोपी उस पर दोस्ती करने और उसे गले लगाने का दबाव भी बना रहा था।

शिकायत के बाद महिला अधिकारी ने अपने बचाव के लिए विभाग से तबादला भी करवा लिया। हालांकि, आरोप है कि जनवरी 2026 में आरोपी ने फिर से उससे संपर्क करने की कोशिश की। महिला अधिकारी ने अपनी शिकायत के साथ कथित वाट्सऐप चैट को साक्ष्य के तौर पर विश्वविद्यालय प्रशासन को सौंपा था।

जिस कमेटी में सदस्य था, उसी ने की जांच

मामले में सबसे चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि आरोपी सहायक प्रोफेसर डॉ. जयपाल खुद विश्वविद्यालय में महिलाओं के यौन उत्पीड़न की शिकायतों की जांच और निवारण के लिए गठित आंतरिक शिकायत समिति (ICC) के सदस्य थे। जांच समिति ने शिकायत में लगाए गए आरोपों को सही पाया है। इसके बाद आरोपी को कमेटी से हटा दिया गया है।

आरोपी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा

अब विश्वविद्यालय प्रशासन ने आरोपी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है। जवाब मिलने के बाद नियमानुसार आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर उनकी एसीआर में प्रतिकूल टिप्पणी दर्ज किए जाने की भी तैयारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m