कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में रविवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब शाहाबाद क्षेत्र में माइनिंग कारोबार से जुड़े एक ठेकेदार पर अज्ञात हमलावरों ने गोलियां बरसा दीं। हमले में ठेकेदार गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
घायल की पहचान सुनील भाटिया उर्फ बंटी निवासी गांव तंगौर, शाहाबाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह वर्तमान में रोड शाहाबाद क्षेत्र में रह रहा था और माइनिंग व्यवसाय से जुड़ा हुआ है।
जलेबी पुल के पास हुई वारदात
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 9:15 बजे सुनील भाटिया जलेबी पुल के समीप मौजूद था। इसी दौरान अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और उस पर फायरिंग कर दी। गोली लगते ही सुनील गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल को शाहाबाद के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया।
नाकेबंदी कर हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। जिले भर में नाकेबंदी कर हमलावरों की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ कर रही है।
माइनिंग कारोबार से जुड़ा हो सकता है मामला
फिलहाल हमले के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है, लेकिन शुरुआती जांच में पुलिस इस घटना को माइनिंग कारोबार से जुड़ी रंजिश के नजरिए से भी देख रही है। बताया जा रहा है कि कारोबार को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद की आशंका है।
पुलिस का कहना है कि सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और पुलिस सतर्कता बरत रही है।

