दिल्ली जयपुर हाईवे स्थित पचगांव चौक पर जल्द ही मल्टी मॉडल कॉरिडोर बनाया जाएगा। इस परियोजना के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (GMDA) एक सलाहकार नियुक्त करेगा। यह निर्देश सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर ने गुरुवार शाम को जारी किए। दिल्ली में आयोजित एक बैठक के दौरान उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आने वाले समय में पचगांव चौक पर यातायात का दबाव काफी बढ़ने की संभावना है। इसी को ध्यान में रखते हुए इस चौराहे पर मल्टी मॉडल कॉरिडोर विकसित करने की योजना बनाई गई है, ताकि भविष्य में बढ़ते ट्रैफिक को बेहतर तरीके से संभाला जा सके और यात्रियों को जाम से राहत मिल सके।
अधिकारियों के अनुसार भविष्य में इस चौराहे से कई अहम परिवहन परियोजनाएं गुजरेंगी। प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन का रूट दिल्ली के सराय काले खां से राजस्थान के शाहजहांपुर तक जाएगा और यह लाइन पचगांव चौक से होकर गुजरेगी। यहां नमो भारत का स्टेशन भी प्रस्तावित है।इसके अलावा हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (HMRTC) की योजना के तहत सेक्टर-56 से पचगांव तक मेट्रो सेवा शुरू करने का प्रस्ताव है और पचगांव में मेट्रो स्टेशन बनाया जाएगा। पचगांव के पास से कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे (KMP) भी गुजरता है। वहीं हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर (HORC) का स्टेशन भी इसी चौक के पास प्रस्तावित है।
अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल भी इस चौराहे पर यातायात का दबाव काफी ज्यादा है। आने वाले समय में जब ये सभी परियोजनाएं लागू होंगी तो ट्रैफिक और बढ़ जाएगा। इसलिए अभी से इन योजनाओं को ध्यान में रखते हुए पचगांव चौक पर मल्टी मॉडल कॉरिडोर विकसित करने की योजना बनाई जा रही है, ताकि अलग-अलग परिवहन साधनों के बीच बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित की जा सके और जाम की समस्या से राहत मिले।
जल्द सलाहकार की होगी नियुक्ति
बैठक में वी. उमाशंकर ने स्पष्ट किया कि इस मल्टी मॉडल कॉरिडोर का निर्माण भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के बजाय GMDA करेगा। इसके लिए GMDA को जल्द ही एक सलाहकार नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि यदि यह परियोजना NHAI के माध्यम से बनाई जाती है तो जमीन अधिग्रहण में ज्यादा समय लग सकता है, क्योंकि इसके लिए हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (HSIIDC), मानेसर नगर निगम या आसपास की अन्य सरकारी एजेंसियों से जमीन लेनी पड़ सकती है। इसके विपरीत GMDA के माध्यम से काम कराने पर भूमि से जुड़ी प्रक्रिया अपेक्षाकृत आसान और तेज होगी। इसी वजह से GMDA को परियोजना की जिम्मेदारी देने का निर्णय लिया गया है। अधिकारियों को एक महीने के भीतर सलाहकार नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि इस योजना को जल्द अमलीजामा पहनाया जा सके।
GMDA की कार्यप्रणाली पर नाराजगी
सूत्रों के मुताबिक बैठक के दौरान वी. उमाशंकर ने GMDA की मौजूदा कार्यप्रणाली पर नाराजगी भी जताई। उन्होंने कहा कि जब साल 2017 में GMDA का गठन किया गया था, तब इसका उद्देश्य गुरुग्राम क्षेत्र में बेहतर और दूरदर्शी शहरी बुनियादी ढांचा विकसित करना था। उन्होंने कहा कि फिलहाल GMDA की गतिविधियां बारिश और गंदे पानी की निकासी जैसे सीमित मुद्दों तक सिमटती नजर आ रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों से कहा कि एजेंसी की योजनाओं में दूरदृष्टि, भविष्य की योजना और स्पष्ट लक्ष्य दिखाई देने चाहिए, ताकि तेजी से विकसित हो रहे गुरुग्राम क्षेत्र की जरूरतों को समय रहते पूरा किया जा सके।
खेड़की दौला टोल प्लाजा के स्थानांतरण पर संशय
दरअसल यह बैठक मुख्य रूप से खेड़की दौला टोल प्लाजा के स्थानांतरण को लेकर बुलाई गई थी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधिकारियों ने बताया कि टोल प्लाजा को पचगांव क्षेत्र में स्थानांतरित करने की योजना बनाई गई थी। हालांकि इस प्रस्ताव पर स्थानीय ग्रामीणों ने आपत्ति जताई। हाईवे के दोनों तरफ विकसित ग्रामीण क्षेत्रों के लिए यू-टर्न फ्लाईओवर का प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन ग्रामीणों ने इसे भी स्वीकार करने से इनकार कर दिया। इसी वजह से बैठक में खेड़की दौला टोल प्लाजा के स्थानांतरण को लेकर कोई अंतिम चर्चा या निर्णय नहीं हो सका।
पचगांव मेट्रो की DPR तैयार
शहर में सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने के लिए सेक्टर-56 से पचगांव तक प्रस्तावित मेट्रो परियोजना की डीपीआर (डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार हो चुकी है। करीब 35.5 किलोमीटर लंबी इस मेट्रो लाइन के तहत कुल 28 मेट्रो स्टेशनों का निर्माण किया जाएगा। यह परियोजना हरियाणा मास रैपिड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (HMRTC) की योजना का हिस्सा है। प्रस्ताव के अनुसार पहला स्टेशन सेक्टर-56 में रैपिड मेट्रो स्टेशन के पास गोल्फ कोर्स रोड पर बनाया जाएगा। इसके बाद मेट्रो लाइन घाटा ट्रैफिक सिग्नल, सेक्टर-61, सेक्टर-62, नरवाना कंट्री और सेक्टर-66 होते हुए आगे बढ़ेगी। इस कॉरिडोर का अंतिम स्टेशन पचगांव में प्रस्तावित है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

