गुरुग्राम। गुरुग्राम से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शख्स ने अपनी लिव-इन पार्टनर के साथ मिलकर कथित तौर पर अपनी ही पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी पार्टनर और बच्चे के साथ मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आरोपी पति का अपनी लिव-इन पार्टनर के साथ संबंध होने को लेकर पत्नी से लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी विवाद के बीच कथित तौर पर दोनों ने महिला को रास्ते से हटाने की साजिश रची। आरोप है कि महिला की कनपटी पर अवैध हथियार सटाकर एक के बाद एक दो गोलियां मारी गईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद मामला छिपाने की नीयत से आरोपियों ने शव को घर के बाथरूम में बंद कर बाहर से ताला लगा दिया और मौके से फरार हो गए। सोसाइटी और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में आरोपी जल्दबाजी में बच्चे को साथ लेकर जाते दिखाई दिए हैं। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पड़ोसियों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने बाथरूम का दरवाजा तोड़कर शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती जांच में पुलिस इस मामले को अवैध संबंधों और पारिवारिक विवाद से जोड़कर देख रही है। फिलहाल आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।

