० अब हिंदी के विद्यार्थी भी सीखेंगे आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, इंटर्नशिप का भी मिलेगा मौका
हिसार। गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (गुजवि) ने बदलते तकनीकी दौर को देखते हुए बड़ा कदम उठाया है। विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में इस शैक्षणिक सत्र से विद्यार्थियों के लिए “हिंदी व कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI)” विषय को नए पाठ्यक्रम के रूप में शामिल किया जाएगा।
यह कोर्स विश्वविद्यालय से संबद्ध हिसार और हांसी क्षेत्र के 33 कॉलेजों में लागू होगा, जहां एमए हिंदी की पढ़ाई करवाई जाती है।
चौथे सेमेस्टर में पढ़ाया जाएगा नया विषय
विश्वविद्यालय के बोर्ड ऑफ स्टडीज से इस पाठ्यक्रम को मंजूरी मिल चुकी है। यह विषय एमए हिंदी के चौथे सेमेस्टर में पढ़ाया जाएगा।
इस कोर्स के जरिए विद्यार्थियों को हिंदी भाषा और आधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीकों के बीच संबंधों को समझने का अवसर मिलेगा।
इंडस्ट्री से जोड़ने की तैयारी, इंटर्नशिप भी होगी
विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित नहीं रखना चाहता। इसी उद्देश्य से इस पाठ्यक्रम के साथ इंटर्नशिप भी करवाई जाएगी।
इसके लिए विश्वविद्यालय विभिन्न इंडस्ट्रीज और संस्थानों का डाटा तैयार कर रहा है, ताकि छात्रों को व्यावहारिक अनुभव मिल सके और रोजगार के नए अवसर खुल सकें।
दो क्रेडिट का ऐच्छिक पाठ्यक्रम
विश्वविद्यालय ने इस कोर्स को दो क्रेडिट के ऐच्छिक (Optional) पाठ्यक्रम के रूप में शामिल किया है।
हिंदी विभाग की इंचार्ज डॉ. गीतू धवन के अनुसार, इस पाठ्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को हिंदी भाषा और आधुनिक AI तकनीकों के अंतर्संबंध से परिचित कराना है, ताकि वे भविष्य की डिजिटल दुनिया के लिए तैयार हो सकें।

