राकेश कथूरिया, कैथल। कैथल से कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने शिक्षा क्षेत्र में नई पहल करते हुए सरकारी और निजी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए एआई (AI) रोबोट और फ्री एआई टीचिंग कोच अभियान का विस्तार किया। ढांड रोड स्थित इंदिरा गांधी पब्लिक स्कूल में उन्होंने एआई रोबोट लॉन्च किए। इस दौरान कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के स्मार्टफोन और स्कूल के कंप्यूटरों में सिलेबस के अनुरूप फ्री एआई एप्लिकेशन भी इंस्टॉल करवाए गए।

कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
विधायक आदित्य सुरजेवाला ने बताया कि इस पहल के तहत विद्यार्थियों को फ्री एआई टीचिंग कोच भी उपलब्ध कराए जाएंगे। अभियान की शुरुआत पहले जाट शाइनिंग स्टार स्कूल से हुई थी और अब इसे अन्य स्कूलों तक पहुंचाया जा रहा है। इसका उद्देश्य शहर और ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए क्या बोले आदित्य सुरजेवाला
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि कैथल विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा क्रांति की नींव रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सबसे बड़ा अवसर है और उनका प्रयास है कि कैथल का हर विद्यार्थी एआई टूल्स का उपयोग करना सीखे।
उन्होंने कहा कि एआई रोबोट विद्यार्थियों की सीखने की गति के अनुसार पढ़ाई में मदद करेंगे, उनके सवालों के जवाब देंगे, इंटरएक्टिव क्विज कराएंगे और रियल-टाइम फीडबैक भी देंगे।
घर बैठे भी कर सकेंगे पढ़ाई
सुरजेवाला ने कहा कि विद्यार्थियों को फ्री एआई एप्लिकेशन और फ्री टीचिंग कोच उपलब्ध कराए जाएंगे, जिनका उपयोग वे घर पर भी कर सकेंगे। उनके अनुसार इससे बोर्ड परीक्षाओं के साथ-साथ जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी मदद मिलेगी।
पूरे कैथल जिले तक पहुंचेगा अभियान
विधायक ने बताया कि कैथल विधानसभा के सभी स्कूलों में यह अभियान पूरा होने के बाद इसे पूरे जिले में विस्तारित किया जाएगा। गुहला, कलायत और पुंडरी विधानसभा क्षेत्रों के स्कूलों में भी एआई रोबोट भेजे जाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों को फ्री एआई एप्लिकेशन और फ्री ट्रेनिंग कोच उपलब्ध कराए जाएंगे।
भविष्य में शुरू होंगे AI लैब और रोबोटिक्स क्लब
आदित्य सुरजेवाला ने कहा कि भविष्य में एआई लैब्स, रोबोटिक्स क्लब्स और स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम शुरू करने की भी योजना है। उनका उद्देश्य बच्चों को केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाना है।
शिक्षकों और अभिभावकों से सहयोग की अपील
उन्होंने कहा कि यह पहल किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल की नहीं, बल्कि पूरे कैथल के भविष्य से जुड़ी है। उन्होंने शिक्षकों, प्रधानाचार्यों और अभिभावकों से इस अभियान में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
स्कूल प्रबंधन ने जताया आभार
इंदिरा गांधी महाविद्यालय के डायरेक्टर राम बहादुर खुरानिया और इंदिरा गांधी पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर जगदीश बहादुर खुरानिया ने इस पहल के लिए विधायक आदित्य सुरजेवाला का आभार जताया। उन्होंने कहा कि एआई रोबोट और फ्री टीचिंग कोच विद्यार्थियों की पढ़ाई को नई दिशा देंगे और उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेंगे।
प्रधानाचार्य ने बताया गेम-चेंजर
स्कूल की प्रधानाचार्य रंजू गुप्ता ने इस पहल को विद्यार्थियों के लिए गेम-चेंजर बताया। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी आधुनिक तकनीक से जुड़ सकेंगे और पढ़ाई में नई संभावनाएं हासिल करेंगे।
अभिभावकों में भी दिखा उत्साह
कार्यक्रम के दौरान कई अभिभावकों ने कहा कि इस पहल से बच्चों को घर बैठे बेहतर तैयारी का अवसर मिलेगा और महंगे कोचिंग संस्थानों पर निर्भरता भी कम हो सकती है।
शिक्षा को डिजिटल बनाने की दिशा में कदम
यह पहल कैथल में शिक्षा को डिजिटल और भविष्योन्मुखी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास के रूप में देखी जा रही है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर बेहतर सीखने का अवसर उपलब्ध कराना है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


