सोनू वर्मा, नूंह। सड़क सुरक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एआरटीआई कार्यालय की ओर से सड़क किनारे कार्य करने वाले मजदूरों और कर्मचारियों को रिफ्लेक्टर जैकेट वितरित की गईं। यह अभियान भारत भूषण और मनीष सहगल की अगुवाई में चलाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि सड़क निर्माण, मरम्मत और सफाई कार्य में लगे मजदूर दिन-रात कार्य करते हैं। खासकर रात या धुंध के समय वाहन चालकों को ये कर्मचारी आसानी से दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। रिफ्लेक्टर जैकेट पहनने से दूर से ही उनकी मौजूदगी स्पष्ट दिखाई देती है और हादसों की आशंका काफी कम हो जाती है।

अभियान के दौरान मजदूरों और कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक भी किया गया। उन्हें काम के दौरान सुरक्षा उपकरणों का उपयोग करने और ट्रैफिक नियमों का पालन करने की सलाह दी गई।

अधिकारियों ने कहा कि सड़क पर काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और भविष्य में भी इस तरह के जागरूकता अभियान जारी रहेंगे।

मजदूरों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि रिफ्लेक्टर जैकेट उनके लिए बेहद उपयोगी साबित होंगी। अभियान के दौरान कई कर्मचारियों को मौके पर ही जैकेट पहनाकर सुरक्षा का संदेश भी दिया गया।