दिल्ली के तिलक नगर में सड़क निरीक्षण के दौरान PWD मंत्री प्रवेश साहिब सिंह वर्मा और साहिब सिंह नाम के युवक के बीच हुए विवाद का मामला लगातार तूल पकड़ रहा है। अब इस मामले में साहिब सिंह को लेकर एक नई जानकारी सामने आई है। दावा किया जा रहा है कि साहिब सिंह के खिलाफ एक MCD कर्मचारी के साथ मारपीट का मुकदमा पहले से दर्ज है। बताया जा रहा है कि इस मामले में उसकी गिरफ्तारी भी हो चुकी है और फिलहाल वह जमानत पर है। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। साहिब सिंह को लेकर यह भी दावा किया जा रहा है कि वह तिलक नगर से AAP विधायक जरनैल सिंह का सोशल मीडिया संभालता है। इसी वजह से ताजा विवाद में उसकी भूमिका को लेकर भी राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, MCD कर्मचारी के साथ कथित मारपीट की यह घटना CCTV कैमरों में कैद हुई थी। इस मामले से जुड़ी FIR की एक कॉपी भी सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, साहिब सिंह AAP विधायक जरनैल सिंह का सोशल मीडिया अकाउंट संभालता है। पुराने मामले में शिकायतकर्ता धन बहादुर (36) ने पुलिस को दी शिकायत में खुद को MCD का अस्थायी कर्मचारी बताया है।
कचरा उठाने वाली गाड़ी पर हेल्पर था कर्मचारी
FIR के मुताबिक, धन बहादुर दिल्ली के हरि नगर स्थित बेरीवाला बाग के WZ-23 में रहते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि 2 जून 2026 को उनकी ड्यूटी कचरा उठाने वाली गाड़ी पर हेल्पर के तौर पर लगाई गई थी। शिकायत के अनुसार, वह ड्राइवर मुकेश के साथ वार्ड नंबर 103 में कचरा उठाने के लिए गए थे। इसी दौरान उनके साथ कथित मारपीट की घटना हुई। पुलिस का कहना है कि घटना CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हुई थी। इस मामले को लेकर सामने आई FIR में दर्ज शिकायत और पुलिस के दावों के आधार पर अब तिलक नगर के मौजूदा विवाद के बीच साहिब सिंह से जुड़े पुराने मामले की चर्चा तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि इस मामले में उनकी गिरफ्तारी हुई थी और वह फिलहाल जमानत पर हैं।
कचरा फेंकने को लेकर हुआ विवाद
शिकायत के अनुसार, सुबह करीब 11 बजे जब कचरा उठाने वाली गाड़ी WZ-148, कृष्णपुरी पहुंची तो दूसरी मंजिल पर मौजूद एक लड़की नीचे खड़ी गाड़ी में कचरा डाल रही थी। इसी दौरान वहां से एक बाइक गुजर रही थी। धन बहादुर का आरोप है कि उन्होंने लड़की को बाइक की ओर इशारा करते हुए रुकने के लिए कहा, लेकिन लड़की ने दूसरी मंजिल से ही कचरा नीचे फेंक दिया। इसके बाद कचरा उठाने वाली गाड़ी वहां से आगे बढ़ गई।
गाड़ी का पीछा कर कर्मचारी को पीटने का आरोप
FIR में दर्ज शिकायत के मुताबिक, उसी घर का एक युवक कुछ अन्य लोगों के साथ गाड़ी का पीछा करते हुए आया। आरोप है कि उन्होंने गाड़ी को जबरन रुकवाया और धन बहादुर को बाहर खींच लिया। इसके बाद उनके साथ कथित तौर पर मारपीट की गई और गाली-गलौज करते हुए उन्हें कुछ दूर ले जाया गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, मारपीट के दौरान वह बेहोश हो गए। जब उन्हें होश आया तो उन्होंने खुद को दीन दयाल उपाध्याय (DDU) अस्पताल में पाया।
शिकायत के बाद दर्ज हुई FIR
पुलिस के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद तिलक नगर थाने के SI मंजीत सिंह के निर्देश पर HC रवि कांत को घटनास्थल पर भेजा गया था। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। शिकायतकर्ता के बयान और उपलब्ध मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर तिलक नगर थाने में FIR संख्या 215/2026 दर्ज की गई। यह FIR 2 जून 2026 को साहिब सिंह और अन्य के खिलाफ दर्ज किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, मामले में साहिब सिंह के खिलाफ कार्रवाई भी की गई थी।
अब साहिब सिंह ने मंत्री के खिलाफ दी शिकायत
वहीं, ताजा विवाद में चांद नगर निवासी और सोशल एक्टिविस्ट साहिब सिंह ने विकासपुरी पुलिस स्टेशन में PWD मंत्री प्रवेश वर्मा और 12 से 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। साहिब सिंह का आरोप है कि सड़क निर्माण का निरीक्षण करने और सड़क की गुणवत्ता की जांच करने के दौरान उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें थप्पड़ मारा गया, धक्का दिया गया और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायतकर्ता ने सड़क निर्माण में भ्रष्टाचार का भी आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस से मंत्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के साथ-साथ सड़क निर्माण में कथित भ्रष्टाचार की जांच कराने की मांग की है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


