चांडिल। टाटा-रांची मार्ग एनएच-33 पर चांडिल गोलचक्कर के पास गुरुवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। स्कूली बच्चों को लेकर जा रही बस से अचानक गिरने के बाद बस का पिछला चक्का खलासी के ऊपर से गुजर गया। हादसे में खलासी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान चौका थाना क्षेत्र के रुगड़ी गांव निवासी प्रह्लाद महतो (45) के रूप में हुई है, जो दयावती मोदी पब्लिक स्कूल की बस में खलासी के तौर पर कार्यरत थे।

चलती बस से अचानक नीचे गिर गए प्रह्लाद

घटना गुरुवार सुबह करीब 8:30 बजे की बताई जा रही है। चौका की ओर से स्कूली बच्चों को लेकर बस चांडिल के उमेश नगर स्थित दयावती मोदी पब्लिक स्कूल जा रही थी। इसी दौरान चांडिल गोलचक्कर के पास प्रह्लाद महतो अचानक चलती बस से सड़क पर गिर पड़े।

बस को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन तब तक उसका पिछला चक्का प्रह्लाद के ऊपर से गुजर गया। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल प्रह्लाद को चांडिल अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

हादसे ने स्कूल बसों की सुरक्षा पर उठाए सवाल

घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस हादसे ने एक बार फिर स्कूली बसों के संचालन और उनमें काम करने वाले कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस फिलहाल हादसे के कारणों की जांच कर रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर चलती बस से खलासी किस परिस्थितियों में नीचे गिरे।