वर्मा ,नूंह।तावडू स्थित अस्सलाम अस्पताल एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में आ गया है। पलवल जिले के गांव रानियाला खुर्द (झांडा) निवासी खुर्शीद पुत्र इलियास ने अस्पताल संचालक डॉक्टर राशिद और सर्जन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। आरोप है कि उपचार में कथित लापरवाही के चलते उनकी 75 वर्षीय मां जमीला की मौत हो गई।

परिजनों के अनुसार, 19 मई को जमीला को अचानक पेट में तेज दर्द होने पर तावडू के अस्सलाम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिवार का कहना है कि लगभग तीन महीने पहले कराए गए अल्ट्रासाउंड में पित्त की थैली में पथरी की बात सामने आई थी, जिसके आधार पर डॉक्टरों ने ऑपरेशन का निर्णय लिया। परिजनों ने आरोप लगाया कि इस दौरान कोई विस्तृत मेडिकल जांच नहीं की गई और टेस्ट की आवश्यकता को भी नजरअंदाज कर दिया गया।

आरोप है कि दोपहर करीब तीन बजे ऑपरेशन शुरू किया गया, लेकिन कुछ समय बाद डॉक्टरों ने बताया कि मरीज के पेट में पानी भरा हुआ है और स्थिति गंभीर हो सकती है। इसके बाद पेट खोलकर बिना पूर्ण ऑपरेशन किए दोबारा सिलाई कर दी गई और परिजनों को भरोसा दिलाया गया कि सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं तथा मरीज जल्द ठीक हो जाएगी।

हालांकि, रात करीब नौ बजे महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उसे शहीद हसन खान मेवाती राजकीय मेडिकल कॉलेज नलहड़ रेफर किया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

वहीं, अस्पताल संचालक डॉक्टर राशिद ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि ऑपरेशन के दौरान कैंसर के लक्षण दिखाई दिए थे, जिसके चलते सर्जरी रोककर मरीज को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया था। उन्होंने मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है।

इस मामले में सिटी थाना तावडू प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।