झज्जर। हरियाणा के झज्जर जिले से एक बेहद डराने वाला मामला सामने आया है, जहाँ एक रिहायशी मकान अचानक सांपों का ठिकाना बन गया है। पिछले दो दिनों में इस घर से करीब 50 छोटे-बड़े सांप निकलने की पुष्टि हुई है, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
पीड़ित परिवार के अनुसार, शुरुआत में घर के एक कोने में कुछ सांप दिखाई दिए थे, लेकिन धीरे-धीरे वे फर्श, दीवारों की दरारों, रसोई और यहां तक कि बिस्तरों के पास तक पहुंच गए। स्थिति इतनी भयावह हो गई कि परिवार ने घर के अंदर सोना छोड़ दिया और रातभर लाठी-डंडों के सहारे पहरा देने को मजबूर हैं।
मकान के नीचे सांपों का झुंड होने संभावना
स्थानीय लोगों का मानना है कि मकान की नींव या नीचे किसी बड़े बिल में सांपों का झुंड हो सकता है, जिससे लगातार सांप बाहर निकल रहे हैं। घटना की जानकारी वन्यजीव विभाग और स्थानीय प्रशासन को दे दी गई है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि तुरंत विशेषज्ञ स्नेक कैचर टीम को मौके पर भेजा जाए, ताकि सांपों को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू कर घर को इस खतरे से मुक्त कराया जा सके। फिलहाल प्रशासन ने परिवार को सतर्क रहने और सांपों से स्वयं छेड़छाड़ न करने की सलाह दी है।

