रायपुर। छत्तीसगढ़ में व्यापारियों और विभाग के बीच विश्वास, पारदर्शिता एवं सकारात्मक संवाद को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT ) छत्तीसगढ़ एवं आयकर विभाग की ओर से प्रदेश स्तरीय ‘व्यापारी कर संवाद’ का आयोजन 2 सितंबर (बुधवार) को किया गया है। “एक प्रदेश – एक दिन – एक संवाद” की संकल्पना के साथ आयोजित यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ में पहली बार प्रदेश के विभिन्न जिलों में एक साथ, एक ही दिन होगा। इस पहल के माध्यम से आयकर विभाग के अधिकारी सीधे व्यापारियों से संवाद कर उन्हें कर संबंधी जानकारी, जागरूकता, मार्गदर्शन तथा उनकी जिज्ञासाओं एवं समस्याओं के समाधान से जोड़ेंगे।

देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के नेशनल वाइस चेयरमैन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी, छत्तीसगढ़ इकाई के चेयरमैन जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन, वाइस चेयरमैन सुरिन्दर सिंह, जीवत बजाज, प्रदेश महामंत्री अवनीत सिंह, प्रदेश कोषाध्यक्ष विजय पटेल, कार्यकारी अध्यक्ष राजेन्द्र जग्गी, वासु माखीजा, राम मंधान, भरत जैन, राकेश ओचवानी एवं शंकर बजाज ने संयुक्त रूप से बताया कि प्रदेश मुख्यालय रायपुर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्य आयुक्त आयकर रायपुर संजीव (IRS) मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके साथ प्रधान आयकर आयुक्त-1 मुनीश कुमार (IRS), अतिरिक्त आयकर आयुक्त (Hqrs-/TPS) चिलाकला राजेश्वर रेड्डी (IRS) एवं उप आयकर आयुक्त-1(1) डॉ. गगन गिरी गोस्वामी (IRS ) सहित आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे।

व्यापारियों और विभाग के बीच संवाद का नया मॉडल

CAIT के राष्ट्रीय वाईस चेयरमैन अमर पारवानी ने कहा कि ‘व्यापारी कर संवाद’ केवल कर संबंधी जानकारी देने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि व्यापारियों और विभाग के बीच संवाद की एक सकारात्मक एवं दूरगामी पहल है। व्यापारी देश की अर्थव्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी है और सरकार के राजस्व संग्रह में उनका महत्वपूर्ण योगदान है। ऐसे में कर व्यवस्था को लेकर व्यापारियों में जागरूकता बढ़ाने, अनुपालन को सरल बनाने और विभाग एवं व्यापारी के बीच प्रत्यक्ष संवाद को मजबूत करने से व्यापारिक वातावरण और अधिक बेहतर होगा।

CAIT का मानना है कि जब नियमों की सही जानकारी व्यापारियों तक पहुंचेगी और व्यापारियों की वास्तविक जिज्ञासाएं एवं समस्याएं सीधे विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचेंगी तो इससे पारदर्शिता, स्वैच्छिक कर अनुपालन और विश्वास को बढ़ावा मिलेगा।

प्रदेशभर के व्यापारियों को मिलेगा सीधा लाभ – अमर पारवानी

इस प्रदेश स्तरीय अभियान के अंतर्गत रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, बिलासपुर, रायगढ़, अंबिकापुर, धमतरी एवं जगदलपुर, सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आयकर विभाग के संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति में विशेष कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है। इन कार्यक्रमों में व्यापारियों को कर प्रावधानों, प्रक्रियाओं एवं अनुपालन से संबंधित महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी देने के साथ-साथ उनके प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं पर सीधा संवाद और मार्गदर्शन प्रदान किया जाएगा। CAIT के राष्ट्रीय वाईस चेयरमैन अमर पारवानी ने कहा कि प्रदेश में पहली बार इस प्रकार एक साथ एक दिन और एक समय पर आयोजित हो रहा यह अभियान छत्तीसगढ़ के व्यापारिक समुदाय और विभाग के बीच सहयोग एवं समन्वय का एक मजबूत संदेश देगा।

कर व्यवस्था में जागरूक व्यापारी, मजबूत अर्थव्यवस्था की आधारशिला

CAIT छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन ने प्रदेश के सभी व्यापारिक संगठनों एवं व्यापारियों से ‘व्यापारी कर संवाद’ में अधिक से अधिक संख्या में सहभागी बनने का आह्वान किया है। CAIT ने उम्मीद जताई है कि यह पहल कर संबंधी जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ व्यापारी एवं आयकर विभाग के बीच विश्वास, संवाद और सहयोग की संस्कृति को और मजबूत करेगी तथा छत्तीसगढ़ के व्यापारिक वातावरण को नई सकारात्मक दिशा प्रदान करेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m