बीकानेर/फतेहाबाद: राजस्थान के बीकानेर जिले में सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में हरियाणा के एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। कार और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार हादसा श्रीडूंगरगढ़ थाना क्षेत्र के हेमासर फांटे के पास हुआ। परिवार के सदस्य बीकानेर स्थित मुकाम में बिश्नोई समाज के आराध्य गुरु जम्भेश्वर भगवान के समाधि स्थल के दर्शन कर हरियाणा लौट रहे थे। इसी दौरान उनकी कार सामने से आ रहे एक ट्रक से टकरा गई।
कार के उड़ गए परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। वाहन में सवार सात लोगों में से छह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
फतेहाबाद के थे रहने वाले
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक हरियाणा के फतेहाबाद जिले के निवासी थे। घटना के बाद परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

