पानीपत। घर से निकले पति-पत्नी को शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही देर में सब कुछ बदल जाएगा। परिवार को भी बिना बताए दोनों कहीं चले गए थे। फिर अचानक एक ऐसी खबर आई, जिसने अपनों के पैरों तले जमीन खिसका दी। राहगीरों ने दोनों को नहर में डूबते देखा तो हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।

बाद में परिवार को पता चला कि दोनों किसी पंडित के कहने पर पूजा की सामग्री प्रवाहित करने के लिए नहर किनारे पहुंचे थे। लेकिन पूजा सामग्री पानी में डालते समय अचानक पैर फिसल गया। बताया जा रहा है कि एक-दूसरे को बचाने के प्रयास में दोनों गहरे पानी में चले गए और तेज बहाव में बह गए।

मामला पानीपत के सिवाह गांव के पास दिल्ली पैरलल नहर का है। डूबने वालों की पहचान करनाल के असंध निवासी कारोबारी मुरारी लाल गोयल (60) और उनकी पत्नी कमलेश (56) के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार, दोनों स्कूटी पर नहर किनारे पहुंचे थे। घटना के करीब पांच घंटे बाद सोनीपत के सरढ़ाना गांव के पास, घटनास्थल से लगभग 20 किलोमीटर दूर कमलेश का शव बरामद कर लिया गया, जबकि मुरारी लाल का देर शाम तक कोई सुराग नहीं लग सका।

सूचना के बाद पुलिस, फायर ब्रिगेड, निजी गोताखोरों और SDRF की टीम ने सर्च अभियान चलाया। डीएसपी आत्माराम और इसराना थाना प्रभारी हरिराम भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर लिए हैं और कारोबारी की तलाश लगातार जारी है।