प्रवीण भारद्वाज, पानीपत। पानीपत के राक्सेडा गांव में दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया। रेत से भरे तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल सवार पति-पत्नी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयावह था कि महिला बाइक से कई फुट दूर जा गिरी। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक भागने के प्रयास में महिला को कुचलते हुए फरार हो गया।

हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका हथवाला गांव की रहने वाली बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार महिला नौ महीने की गर्भवती थी और करीब 15 दिन बाद उसकी डिलीवरी होनी थी। इस हादसे में गर्भ में पल रहे शिशु की भी मौत हो गई।

वहीं मोटरसाइकिल चला रहे महिला के पति को गंभीर चोटें आई हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद गांव राक्सेडा में भारी आक्रोश देखने को मिला। स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग की है। हादसे की सूचना पुलिस को दे दी गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।