यमुनानगर। जिले के छछरौली से एक बेहद डराने वाली खबर सामने आई है। यहां के बिजली विभाग के कंप्लेंट सेंटर में उस समय हड़कंप मच गया, जब दफ्तर के स्टोर रूम में एक बेहद जहरीला और खतरनाक रसल वाइपर सांप दिखाई दिया। स्टोर रूम से लगातार आ रही अजीब और तेज सीटी जैसी आवाज सुनकर जब बिजली कर्मचारी अंदर पहुंचे, तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। सांप को देखते ही पूरे दफ्तर में डर का माहौल बन गया और आनन-फानन में इसकी सूचना वन्यजीव विभाग को दी गई।
सीटी जैसी आवाज सुनकर स्टोर की तरफ भागे थे कर्मचारी
बिजली दफ्तर के कर्मचारियों ने बताया कि वे रोजाना की तरह अपने काम में व्यस्त थे, तभी अचानक स्टोर रूम से किसी के जोर-जोर से सीटी बजाने जैसी आवाजें आने लगीं। जब कुछ कर्मचारी आवाज की दिशा में आगे बढ़े और अंदर जाकर देखा तो वहां एक बड़ा सांप बैठा हुआ था। यह सांप कोई साधारण सांप नहीं बल्कि भारत के सबसे विषैले सांपों में गिन्ना जाने वाला रसल वाइपर था। कर्मचारियों ने सूझबूझ दिखाते हुए सांप को छेड़ने या मारने की कोशिश नहीं की और तुरंत यमुनानगर वाइल्डलाइफ विभाग को फोन घुमाया।
रेस्क्यू के दौरान आक्रामक हुआ सांप, गुस्से में खुद को काटा
सूचना मिलते ही वन्यजीव विभाग की टीम तुरंत हरकत में आई और महज 20 मिनट के भीतर छछरौली बिजली दफ्तर पहुंच गई। वाइल्डलाइफ एक्सपर्ट्स ने बेहद सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। रेस्क्यू के दौरान सांप बेहद गुस्से और आक्रामक रूप में दिखाई दे रहा था। वह बार-बार टीम पर हमला करने की कोशिश कर रहा था। एक्सपर्ट्स ने बताया कि अत्यधिक गुस्से में आकर सांप ने खुद को ही दो जगह काट लिया, जिससे उसके शरीर से खून भी निकलने लगा। काफी मशक्कत के बाद टीम ने सांप को सुरक्षित पकड़कर एक डिब्बे में बंद किया।
वाइल्डलाइफ टीम की अपील: सांप दिखने पर तुरंत दें सूचना
वन्यजीव विभाग के कर्मचारियों ने आम जनता से अपील की है कि बारिश या उमस के इस मौसम में अक्सर सांप रिहायशी इलाकों में निकल आते हैं। ऐसे में कहीं भी सांप दिखाई देने पर उसे खुद पकड़ने या मारने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं। रसल वाइपर जैसे खतरनाक सांप के काटने पर व्यक्ति को बिना समय गंवाए सीधे सरकारी अस्पताल जाना चाहिए और एंटी-वेनम इंजेक्शन लगवाना चाहिए। सही समय पर मिला इलाज ही जान बचा सकता है। फिलहाल, टीम ने इस सांप का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे उसके प्राकृतिक आवास यानी जंगल में छोड़ने की तैयारी शुरू कर दी है।

