रेवाड़ी के गांव धारण में भारतीय डाक विभाग ने एक आधार सेवा शिविर आयोजित किया, जिसमें ग्रामीणों को आधार कार्ड से संबंधित समस्याओं का समाधान मिला। इस पहल से ग्रामीणों का समय और पैसा दोनों की बचत हुई।

धनेश विद्यार्थी,रेवाड़ी। भारतीय डाक विभाग, गुरुग्राम डिवीजन के सौजन्य से रेवाड़ी जिले के गांव धारण में एक सफल आधार सेवा शिविर का आयोजन किया गया। बीएमडी यूथ क्लब के कार्यालय में आयोजित इस शिविर में ग्रामीणों को आधार कार्ड से जुड़ी विभिन्न समस्याओं और त्रुटियों का समाधान मौके पर ही उपलब्ध कराया गया। शिविर का शुभारंभ गुरुग्राम डिवीजन के सिस्टम मैनेजर बलवान सिंह ने किया। इस दौरान गांव के एसपीएम राकेश मीणा और डीपीएम जमीलाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने ग्रामीणों को आधार कार्ड में नाम, पता, जन्मतिथि और मोबाइल नंबर अपडेट करने जैसी महत्वपूर्ण सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।

ग्रामीणों को मिली घर द्वार सुविधा

शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने आधार अपडेट, सुधार और नई एनरोलमेंट जैसी आवश्यक सेवाओं का लाभ उठाया। स्थानीय निवासियों ने भारतीय डाक विभाग की इस जनहितकारी पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। ग्रामीणों ने कहा कि अक्सर आधार से जुड़े कार्यों के लिए उन्हें दूर-दराज के सरकारी कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ते हैं, जिससे समय और धन दोनों का अपव्यय होता है। इस शिविर ने उनके काम को आसान बना दिया है। बीएमडी यूथ क्लब के संस्थापक अरुण तंवर और गांव के सरपंच राजेश कुमार ने शिविर को सफल बनाने के लिए डाक विभाग के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

भविष्य में भी जारी रहेंगे शिविर

सिस्टम मैनेजर बलवान सिंह ने आयोजन के सफल समापन पर कहा कि ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं का लाभ उनके घर के पास उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में भी जनहित को ध्यान में रखते हुए ऐसे जागरूकता एवं सेवा शिविरों का आयोजन निरंतर किया जाएगा। इन प्रयासों का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ग्रामीण आबादी सरकारी योजनाओं और डिजिटल सेवाओं से वंचित न रहे। शिविर के दौरान ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी ने यह सिद्ध किया कि क्षेत्र में इस तरह की सेवाओं की कितनी आवश्यकता है। डाक विभाग की यह पहल पारदर्शिता और सुशासन की दिशा में एक सराहनीय कदम साबित हुई है।