संजय वाणी, आलीराजपुर। जिले के नानपुर क्षेत्र की ग्राम पंचायत भोरदिया में सरपंच और सरपंच प्रतिनिधि के नाम पर सोशल मीडिया के माध्यम से कथित तौर पर गलत और भ्रामक जानकारी फैलाने का मामला सामने आया है। इसे लेकर गांव में चर्चा का माहौल है और ग्रामीणों में भी नाराजगी देखी गई।

इस मामले को लेकर सरपंच प्रतिनिधि अंगर सिंह चौहान ने गांव में बैठक आयोजित कर ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। बैठक के दौरान सोशल मीडिया और गांव में चल रही कथित अफवाहों और गलत जानकारियों को ग्रामीणों के सामने रखा गया। सरपंच प्रतिनिधि ने कहा कि किसी भी जानकारी पर विश्वास करने से पहले उसकी वास्तविकता जानना जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और किसी भी तरह की जानकारी को सत्यापित करने की अपील की।

ये भी पढ़ें: ग्राम रोजगार सहायकों के तबादलों पर हाईकोर्ट सख्त: ट्रांसफर पर लगाई रोक, सरकार से मांगा ‘श्वेत पत्र’

ग्रामीणों ने कही ये बात

बैठक में मौजूद ग्रामीणों ने भी अपनी बात रखते हुए कहा कि ग्राम पंचायत में सरपंच सविता चौहान और उनके प्रतिनिधि अंगर सिंह चौहान द्वारा गांव के विकास व जनहित से जुड़े कार्य किए जा रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, पंचायत स्तर पर किए जा रहे कार्यों को लेकर उन्हें जानकारी है और वे कार्यों से संतुष्ट हैं।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कुछ लोग व्यक्तिगत कारणों से सरपंच और उनके प्रतिनिधि की छवि खराब करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर गलत और भ्रामक बातें प्रसारित कर रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि सोशल मीडिया पर किसी व्यक्ति या जनप्रतिनिधि के बारे में जानकारी साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच होनी चाहिए, ताकि गांव का माहौल खराब न हो।

ये भी पढ़ें: एक पता, एक मोबाइल, तीन फर्म! MP में 10 करोड़ के टेंडर का बड़ा फर्जीवाड़ा, सरकार को सस्ते पार्ट्स महंगे दामों में बेचकर लगाया चूना!

सीधे करे संवाद

बैठक के दौरान ग्रामीणों ने एकजुट होकर कहा कि गांव में विकास कार्यों और पंचायत से जुड़े विषयों पर किसी भी तरह की शंका होने पर सीधे पंचायत प्रतिनिधियों से संवाद किया जाना चाहिए। अफवाहों के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचने के बजाय तथ्य सामने रखना जरूरी है।

सरपंच प्रतिनिधि ने ग्रामीणों से की ये अपील

सरपंच प्रतिनिधि अंगर सिंह ने कहा कि पंचायत ग्रामीणों के हित में लगातार काम कर रही है और आगे भी विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि गांव में आपसी भाईचारा बनाए रखें और सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी भ्रामक जानकारी को आगे साझा न करें। फिलहाल सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैलाने वाले व्यक्ति या इंस्टाग्राम ID की आधिकारिक पहचान सामने नहीं आई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m