संजय वाणी, आलीराजपुर। आलीराजपुर कलेक्टर नीतू माथुर ने पेयजल से संबंधित प्रकाशित खबर पर तत्काल संज्ञान में लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए। इसी कड़ी में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री सुनील मेढा और जनपद पंचायत उदयगढ़ सीईओ ने मौके पर टीम भेजकर निरीक्षण कर कलेक्टर को अवगत कराया गया। जिसमें ग्राम पंचायत आम्बी के ग्राम छारवी स्थित खारिया फलिया के ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में कुल पांच शासकीय हैंडपंप हैं, जिनमें से दो हैंडपंपों का पानी पीने योग्य है, दो हैंडपंपों का पानी खारा है और एक हैंडपंप सूख चुका है।
ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में स्थित कुएं का पानी केवल नहाने और कपड़े धोने जैसे घरेलू कार्यों में उपयोग किया जाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खुले गड्ढों, कच्चे कुओं का पानी पीने के लिए उपयोग नहीं किया जाता है। चूंकि केवल दो हैंडपंपों से ही पेयजल उपलब्ध हो रहा है, इसलिए ग्रामीणों ने उनमें पाइप बढ़ाने की मांग अधिकारियों के समक्ष रखी। इस दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को खुले गड्ढों व कच्चे कुओं का पानी पीने से बचने की समझाइश भी दी। ग्रामीणों ने खारिया फलिया में एक नए हैंडपंप के खनन की मांग भी रखी।
ये भी पढ़ें: MP के इस गांव में पानी नहीं, मौत के गड्ढे से निकल रहा है जीवन!

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए खारिया फलिया स्थित हैंडपंप में पाइप बढ़ाने का काम शुरू किया जा रहा है। विभाग ने आश्वस्त किया है कि ग्रामीणों को पर्याप्त और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत आम्बी के सरपंच, सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, हल्का पटवारी तथा हैंडपंप मैकेनिक समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।


