संजय वाणी, आलीराजपुर। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले में किसानों ने जमकर प्रदर्शन किया। खाद की किल्लत, ऑनलाइन टोकन व्यवस्था की अव्यवस्थाओं और कालाबाजारी के आरोपों से नाराज किसान आज तख्तियां और बैनर लेकर सड़कों पर उतरे। आदिवासी किसानों ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए सरकार और प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने कहा कि खरीफ सीजन शुरू हो चुका है, लेकिन उन्हें समय पर यूरिया और डीएपी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। ऑनलाइन टोकन व्यवस्था के कारण ग्रामीण और अशिक्षित किसान सबसे ज्यादा परेशान हैं। कई किसानों को टोकन नहीं मिल रहे, जबकि टोकन मिलने के बाद भी खाद उपलब्ध नहीं कराई जा रही है। किसानों ने आरोप लगाया कि खाद वितरण व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और कई केंद्रों पर किसानों को घंटों लाइन में खड़ा रहने के बाद खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। इससे बोवनी और फसल उत्पादन प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
ये भी पढ़ें: ग्रामीणों ने सांसद-विधायक की लगाई क्लास: शहडोल में बीच सड़क रोका काफिला, वीडियो वायरल
प्रशासन को दी ये चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को साफ चेतावनी दी कि यदि अगले तीन दिनों के भीतर खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई और ऑनलाइन व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो जिलेभर के किसान सड़कों पर उतरकर चक्काजाम और उग्र आंदोलन करेंगे। किसानों का कहना है कि उनकी मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
ज्ञापन में किसानों ने खाद की अतिरिक्त आपूर्ति, ऑफलाइन कोटा शुरू करने, कालाबाजारी पर कार्रवाई और टोकनधारकों को तत्काल खाद उपलब्ध कराने की मांग की है। किसानों ने कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर कार्रवाई चाहिए। “खाद दो या जवाब दो” और “किसान विरोधी व्यवस्था बंद करो” जैसे नारों के बीच किसानों ने प्रशासन को तीन दिन का अल्टीमेटम दिया है।

