अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल जिले के ब्यौहारी विधानसभा क्षेत्र में उस समय राजनीतिक हलचल तेज हो गई, जब जन चौपाल में शामिल होने जा रहे सीधी सांसद डॉ. राजेश मिश्रा और ब्यौहारी विधायक शरद जुगलाल कोल के काफिले को ग्रामीणों ने बीच रास्ते में रोक लिया। नाराज ग्रामीणों ने सांसद और विधायक के सामने वर्षों से लंबित समस्याओं को लेकर जमकर नाराजगी जाहिर की और जवाब मांगा। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

सांसद और विधायक ग्राम कोना टोला में आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान भमरहा प्रथम गांव के ग्रामीणों और किसानों ने उनका काफिला रोक लिया। ग्रामीणों का आरोप था कि झापर नदी पर बना पुल करीब तीन साल पहले तैयार हो चुका है, लेकिन आज तक उसे आम लोगों के आवागमन के लिए शुरू नहीं किया गया। इतना ही नहीं, पुल के दोनों ओर पहुंच मार्ग निर्माण के लिए किसानों की जमीन अधिग्रहित की गई थी, लेकिन प्रभावित परिवारों को अब तक मुआवजे की राशि नहीं मिली है।

ये भी पढ़ें: ‘राष्ट्र प्रथम’ के प्रतीक महाराणा प्रताप की जीवनी पढ़ेंगे बच्चेः राजधानी में जल्द खुलेगा ‘वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप लोक’

ग्रामीणों ने सांसद और विधायक के सामने अपनी पीड़ा रखते हुए कहा कि कई बार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगाने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। इस दौरान माहौल काफी गरम रहा और करीब एक घंटे तक काफिला मौके पर ही रुका रहा। स्थिति को संभालते हुए सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने ग्रामीणों से चर्चा की और संबंधित अधिकारियों से बात कर जल्द मुआवजा दिलाने के साथ ही पुल चालू कराने का आश्वासन दिया।

ये भी पढ़ें: कांग्रेस ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को लिखा पत्र: आदिवासी समाज का उठाया मुद्दा, जीतू पटवारी ने की ये बड़ी मांग

विधायक शरद कोल भी पूरे समय मौके पर मौजूद रहे। वहीं आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीणों का विरोध खत्म हुआ और काफिला आगे रवाना हो सका। हालांकि इस घटना ने एक बार फिर विकास कार्यों की धीमी रफ्तार और अधूरी प्रशासनिक प्रक्रियाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुल तैयार है, लेकिन इंतजार अब भी जारी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m