संजय वाणी, आलीराजपुर। मध्य प्रदेश के आलीराजपुर जिले से सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिसे जानकर आप के भी होश उड़ जाएंगे। यहां एक पत्नी ने अपने पति की हत्या कर दी। इसके बाद पति के शव को ड्रम में भरकर जलाने की कोशिश की गई। जब शव पूरी तरह से नहीं जला तो उसे रेत में दफना दिया। इस खौफनाक कांड का 17 दिन बाद खुलासा हुआ है। यह पूरा मामला उदयगढ़ थाना क्षेत्र का है।
पुलिस के अनुसार, करीब 17 दिन से लापता रामा वाकला की हत्या उसकी पत्नी नाहजुबाई ने की थी। हत्या के बाद शव को ड्रम में डालकर जलाने का प्रयास किया गया। जब शव पूरी तरह नहीं जला तो उसे घर के पीछे बने कमरे में रेत के अंदर दफना दिया गया। मामले का खुलासा तब हुआ, जब मृतक के बेटे राहुल को पिता के लापता होने पर शक हुआ। उसने अपनी मां से पिता के बारे में पूछताछ की। जवाब से संदेह बढ़ने पर राहुल ने घर में तलाश की। इस दौरान घर के पीछे कमरे में रेत के अंदर शव दबा मिला। इसके बाद उसने शव बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।
ये भी पढ़ें: स्नैपचैट वाले ‘यार’ ने तोड़ा भरोसा: ‘कोचिंग जा रही हूं…’ कहकर निकली नाबालिग छात्रा, ‘दोस्त’ ने होटल में मिटाई हवस
इस वजह से उतारा मौत के घाट
24 सितंबर को मिली सूचना के बाद उदयगढ़ पुलिस ने जांच शुरू की। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में पुलिस ने मामले की कड़ियां जोड़ते हुए जांच की। पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी नाहजुबाई ने हत्या करना स्वीकार किया। नाहजुबाई ने बताया कि उसका पति उस पर चरित्र को लेकर संदेह करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद होता रहता था।
लट्ठ से हमला और फिर…
विवाद के दौरान उसने लट्ठ से पति पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को ड्रम में डालकर जलाने की कोशिश की गई। शव पूरी तरह नहीं जलने पर उसे रेत में दफनाकर छिपा दिया गया। उदयगढ़ पुलिस ने आरोपी पत्नी नाहजुबाई को गिरफ्तार कर लिया है। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
पुलिस के हत्थे चढ़ी आरोपी पत्नी
एसडीओपी आशुतोष पटेल ने बताया कि उदयगढ़ थाना क्षेत्र से सूचना मिली थी। सूचनाकर्ता ने बताया गया कि उसे अपने पिता को करीब 15 दिन से देखा नहीं है। इसे लेकर वह अपनी मां से पूछा तब संदेह हुआ की मां ने पिता की हत्या की है। इसके बाद घर में तलाशी ली, तो पता चला कि घर के पीछे कमरे में शव को छुपा रखा है। पूछताछ में अब तक प्राथमिक जानकारी के अनुसार, चरित्र शंका की बात सामने आई है। इसे लेकर मृतक ने पूर्व में भी झगड़ा किया था। आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या का प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

