कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में सोशल मीडिया के जरिए शुरू हुई दोस्ती के बाद नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा ने युवक पर मिलने के बहाने बुलाकर होटल ले जाने और विरोध करने पर धमकी देकर जबरदस्ती करने का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मामला इंदरगंज थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, छात्रा की करीब एक साल पहले कृष्णा खाटवानी से स्नैपचैट के जरिए पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच बातचीत और मैसेज का सिलसिला शुरू हो गया। शिकायत के अनुसार, 22 सितंबर को आरोपी ने छात्रा को मिलने के लिए बुलाया। छात्रा घर से कोचिंग जाने की बात कहकर निकली, लेकिन वह मिलने पहुंच गई।
ये भी पढ़ें: शादी का झांसा और न्यूड कॉल्स का खेल: मेट्रोमोनियल साइट पर युवती से दोस्ती, एक बच्चे के पिता की करतूत आई सामने
आरोप है कि कृष्णा उसे राजीव प्लाजा के सामने स्थित एक होटल के कमरे में ले गया। वहां छात्रा ने विरोध किया तो उसके पिता को नुकसान पहुंचाने और आपत्तिजनक फोटो-वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी। शिकायत में छात्रा ने इसी धमकी के बीच जबरदस्ती किए जाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद छात्रा घर लौटी और परिजनों को आपबीती बताई। सामाजिक बदनामी की चिंता के चलते परिवार ने शुरुआत में पुलिस से संपर्क नहीं किया, लेकिन बाद में 24 सितंबर को इंदरगंज थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी कृष्णा खाटवानी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की है। पुलिस होटल के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। एएसपी जयराज कुबेर का कहना है कि सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। नाबालिग की पहचान गोपनीय रखते हुए मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


