संजय वाणी, आलीराजपुर। रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व है। इसी भावना के साथ शुक्रवार को आलीराजपुर के जोबट जेल में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास और भावुक माहौल में मनाया गया। जेल की चारदीवारी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बहनों को अपने बंदी भाइयों की कलाई पर राखी बांधने का अवसर मिला।

जेलर उज्वला वाघमरे ने बताया कि बड़वानी जिला जेल के आदेशानुसार जोबट जेल में 122 बंदी-कैदियों के लिए रक्षाबंधन पर्व का आयोजन किया गया। इस दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। निर्धारित प्रक्रिया के तहत बहनें जेल पहुंचीं और अपने भाइयों को राखी बांधकर उनके अच्छे भविष्य की कामना की। राखी बांधने का यह पल कई भाई-बहनों के लिए बेहद भावुक रहा। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाया, राखी बांधी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लंबे समय बाद भाई की कलाई पर राखी बांधते हुए कई बहनों की आंखें भी नम नजर आईं।

ये भी पढ़ें: राखी, भस्म आरती और सवा लाख लड्डू… रक्षाबंधन पर महाकाल मंदिर में अद्भुत नजारा, देखें तस्वीरें

राखी के साथ मांगा जिंदगी बदलने का वचन

इस दौरान बहनों ने अपने भाइयों से सिर्फ राखी की लाज रखने का वचन ही नहीं लिया, बल्कि अपराध की राह छोड़कर बेहतर जिंदगी की ओर लौटने की अपील भी की। बहनों ने भाइयों से कहा कि वे जेल से बाहर आने के बाद दोबारा किसी अपराध में शामिल न हों और अपने परिवार के साथ शांतिपूर्ण जीवन बिताएं। वहीं भाइयों ने भी अपनी बहनों को भरोसा दिलाया कि वे भविष्य में गलत रास्ते से दूर रहने और अपने जीवन को नई दिशा देने का प्रयास करेंगे।

ये भी पढ़ें: राखी के धागे में बंधा पुलिस और बेटियों का विश्वास: छात्राओं ने एसपी शियाज के.एम. को बांधी राखी

सलाखों के बीच भी कायम रहा रिश्तों का प्यार

जेल में मनाया गया यह रक्षाबंधन इस बात का गवाह बना कि परिस्थितियां चाहे कैसी भी हों, भाई-बहन के रिश्ते की भावनाएं कभी खत्म नहीं होतीं। जेल की सलाखों के बीच बहन के हाथों बंधी राखी ने बंदियों को परिवार और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का एहसास कराया। जोबट जेल में आयोजित इस आयोजन में राखी के धागे के साथ रिश्ते, भावनाएं और नई शुरुआत का संदेश भी देखने को मिला।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m