अनिल शर्मा , अम्बाला/चंडीगढ़। हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री Anil Vij ने दिल्ली हाईकोर्ट द्वारा Arvind Kejriwal और आम आदमी पार्टी के कई नेताओं के खिलाफ आपराधिक अवमानना की कार्रवाई शुरू किए जाने पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी किसी भी संवैधानिक संस्था को नहीं मानती और समय-समय पर सभी संस्थाओं की अवमानना करती रही है।
“कोर्ट अब इन्हें अच्छा सबक सिखाएगी”
पत्रकारों से बातचीत करते हुए अनिल विज ने कहा, “आम आदमी पार्टी नाम की जो चीज है, वह देश की किसी भी संस्था को नहीं मानती। न ये ईडी और सीबीआई को मानते हैं, न पुलिस और न ही कोर्ट को। ये समय-समय पर सबकी अवमानना करते हैं। अब लगता है कि कोर्ट इन्हें अच्छा सबक सिखाएगी।”
हरियाणा समेत 19 राज्यों में SIR लागू होने पर चुनाव आयोग को साधुवाद
हरियाणा सहित देश के 19 राज्यों में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) लागू किए जाने के फैसले का स्वागत करते हुए अनिल विज ने चुनाव आयोग को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूचियों का शुद्धिकरण बेहद जरूरी है। विज ने कहा, “20-20 साल से बहुत सारे लोगों के नाम वोटर लिस्ट में बने हुए हैं। कई लोग बाहर जा चुके हैं, कई लोगों की मृत्यु हो चुकी है और बहुत से लोगों ने गलत तरीके से वोट बनवा रखी है। इसलिए मतदाता सूचियों का सही और पारदर्शी होना बहुत जरूरी है।”
पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर भी बोले विज
पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर मंत्री अनिल विज ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का असर भारत पर पड़ना स्वाभाविक है।
उन्होंने कहा, “हमारा करीब 25 प्रतिशत तेल और गैस स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से होकर आता है। वहां अमेरिका की घेराबंदी के कारण तेल के टैंकरों की आवाजाही प्रभावित हुई है, जिसका असर कीमतों पर पड़ रहा है।”
प्रधानमंत्री मोदी के अंतरराष्ट्रीय संबंधों की तारीफ
प्रधानमंत्री Narendra Modi की विदेश यात्रा को लेकर अनिल विज ने कहा कि उनके अंतरराष्ट्रीय संबंध अब तक के सभी प्रधानमंत्रियों से बेहतर हैं।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समय-समय पर विभिन्न देशों का दौरा करते हैं और द्विपक्षीय मुद्दों के साथ-साथ भारत से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा करते हैं।”
बंगाल चुनाव नतीजों पर TMC को दी नसीहत
टीएमसी सांसद Abhishek Banerjee द्वारा पश्चिम बंगाल चुनाव नतीजों में गड़बड़ी के आरोप लगाए जाने पर अनिल विज ने कहा कि लोकतंत्र में जनता के फैसले को स्वीकार करना चाहिए।
उन्होंने कहा, “अब तो पूरे देश ने पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों को स्वीकार कर लिया है। टीएमसी को भी अब इन्हें स्वीकार कर लेना चाहिए।”
अम्बाला छावनी में बदल सकते हैं सड़कों के नाम
अम्बाला छावनी में सदर बाजार चौक और निकलसन रोड का नाम बदलने के प्रस्ताव पर भी अनिल विज ने प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने बताया कि सदर बाजार चौक पर महाराणा प्रताप की प्रतिमा स्थापित की गई है और अब इस चौक का नाम ‘महाराणा प्रताप चौक’ तथा निकलसन रोड का नाम ‘महाराणा प्रताप सड़क’ रखने का प्रस्ताव नगर परिषद को भेज दिया गया है।

