चंडीगढ़। पंजाब में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) ने कांग्रेस, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) पर मुख्यमंत्री भगवंत मान को घेरने के लिए एकजुट होकर राजनीति करने का आरोप लगाया है। पार्टी का कहना है कि विपक्ष के पास राज्य सरकार के कामकाज का कोई ठोस जवाब नहीं है, इसलिए वह केवल आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति कर रहा है।
रविवार को चंडीगढ़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में ‘आप’ के पंजाब मीडिया प्रभारी बलतेज पन्नू ने कहा कि कांग्रेस, भाजपा और शिअद अब क्रमशः “टीम ए, टीम बी और टीम सी” की तरह काम कर रहे हैं और उनका साझा उद्देश्य केवल भगवंत मान सरकार को बदनाम करना है। पन्नू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी इस समय अंदरूनी खींचतान और नेतृत्व संघर्ष से जूझ रही है। उनका दावा था कि पंजाब में कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक तालमेल देखने को मिल रहा है।
भाजपा पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि पंजाब भाजपा में आज कई ऐसे नेता हैं जो पहले कांग्रेस का हिस्सा रह चुके हैं। उनके मुताबिक, पार्टी के पुराने और समर्पित नेताओं को हाशिये पर डाल दिया गया है, जिससे भाजपा कांग्रेस का ही विस्तार नजर आती है।उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा की हालिया केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात का भी जिक्र किया। पन्नू ने कहा कि रंधावा भले ही इस मुलाकात को लेकर सफाई दे चुके हों, लेकिन इसके राजनीतिक संकेत स्पष्ट दिखाई देते हैं।
राज्य सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए पन्नू ने दावा किया कि कई दशकों बाद नहरों का पानी अंतिम छोर तक बसे गांवों तक पहुंचाया गया है। उन्होंने कहा कि 600 यूनिट मुफ्त बिजली योजना का लाभ मिलने से करीब 90 प्रतिशत परिवारों का बिजली बिल शून्य आ रहा है। इसके अलावा किसानों को दिन के समय लगातार बिजली और नहरों का पानी भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

महिलाओं के लिए चलाई जा रही वित्तीय सहायता योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि 34 लाख से अधिक महिलाओं को इसका लाभ मिलना शुरू हो चुका है, जबकि बाकी पात्र महिलाओं को एक अगस्त से योजना का फायदा मिलने लगेगा।पन्नू ने कांग्रेस पर यह आरोप भी लगाया कि पार्टी हर राजनीतिक फैसले के लिए अपने केंद्रीय नेतृत्व पर निर्भर रहती है। उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस पहले ‘आप’ पर दिल्ली से संचालित होने का आरोप लगाती थी, वही आज खुद हाईकमान के निर्देशों पर चल रही है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष को सरकार पर सवाल उठाने से पहले अपने कार्यकाल और अपने प्रदर्शन का भी हिसाब देना चाहिए। उनके मुताबिक, कांग्रेस, भाजपा और शिअद के पास पंजाब के विकास के लिए न तो कोई स्पष्ट विजन है और न ही कोई ठोस रोडमैप, इसलिए वे ‘आप’ सरकार के कामकाज को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।पन्नू ने दावा किया कि पिछली सरकारें मुफ्त बिजली, किसानों को नहरों का पानी, महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता और 10 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा जैसी जनकल्याणकारी योजनाएं लागू करने में असफल रहीं।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक समीकरण बदलने लगे हैं तथा कांग्रेस के कई नेता जल्द भाजपा में शामिल हो सकते हैं।अंत में पन्नू ने विश्वास जताया कि पंजाब की जनता अवसरवादी राजनीति को नकारते हुए विकास और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देगी।
- ’20 करोड़ ऑफर’ का दावा ! संजय राउत बोले- कांग्रेस MLC को दल बदलने दिया गया था ऑफर, विधायक ने किया खंडन
- सांसद कौशलेंद्र कुमार बने फरिश्ता, सड़क पर तड़प रहे घायल युवक को खुद पहुंचाया अस्पताल
- 40 पौधों के रोपण से “हरियर मुंगेली-सुघ्घर मुंगेली” अभियान के 10वें वर्ष का शुभारंभ: स्टार्स ऑफ टुमॉरो वेलफेयर सोसायटी 9 वर्षों में लगा चुकी है 8 हजार से अधिक पौधे, अब वृक्ष बनकर बढ़ा रहे हैं जिले की हरियाली
- सोनीपत में मतदाता सूची सुधार के लिए विशेष शिविर, अब काम होगा आसान
- लाल सागर में कार्गो शिप पर यमन के नजदीक हुआ हमला, UKMTO ने जारी की वार्निंग
