नवीन शर्मा, हांसी/हिसार। हरियाणा के हांसी जिला अंतर्गत चानौत गांव में पीने के पानी की किल्लत को लेकर चल रहा आंदोलन अब बड़ा राजनीतिक रूप लेता जा रहा है। पिछले 16 मई से भीषण गर्मी के बीच धरने पर बैठे ग्रामीणों को अपना पूर्ण समर्थन देने आम आदमी पार्टी (AAP) के हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता आज धरना स्थल पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की मांग को शत-प्रतिशत जायज ठहराते हुए केंद्र की मोदी सरकार और हरियाणा की सैनी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दो टूक कहा कि जो सरकार जनता को पीने का साफ पानी तक नहीं दे सकती, उसे सत्ता में बने रहने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है।

हांसी शहर की पाइपलाइन से चानौत गांव को भी मिले कनेक्शन

ग्रामीणों को संबोधित करते हुए डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि चानौत गांव के बिल्कुल सामने से हांसी शहर के लिए पीने के पानी की मुख्य पाइपलाइन बिछाई जा रही है। ग्रामीणों की यह मांग पूरी तरह न्यायसंगत है कि इसी पाइपलाइन से उनके गांव को भी पानी का कनेक्शन दिया जाए। उन्होंने प्रशासनिक दलीलों को खारिज करते हुए कहा कि यदि भविष्य में पानी कम पड़ने की आशंका है, तो विभाग पाइप का साइज बढ़ा दे, लेकिन ग्रामीणों को इस तरह प्यासा रखना सरासर अन्याय है। शहर हो या गांव, पानी पर सबका समान अधिकार है।

‘हर घर नल से जल’ मिशन सिर्फ कागजों पर: सुशील गुप्ता

आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना पर सवाल उठाते हुए कहा कि पीएम मोदी पूरे देश में ‘हर घर नल से जल’ और जल जीवन मिशन (Jal Jeevan Mission Haryana) का ढिंढोरा पीट रहे हैं, लेकिन धरातल पर यह योजना पूरी तरह फेल साबित हुई है। हरियाणा के 80 प्रतिशत गांवों में वाटर वर्क्स की डिग्गियों का पानी पीने लायक ही नहीं है। उन्होंने दिल्ली और पंजाब की ‘आप’ सरकारों का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां जनता को 24 घंटे साफ और मुफ्त पानी मिल रहा है, तो हरियाणा की जनता के साथ यह सौतेला व्यवहार क्यों किया जा रहा है?

मुख्यमंत्री सैनी को दी कड़ी चेतावनी, कानून व्यवस्था पर भी घेरा

धरना स्थल पर उमड़े भारी जनसमूह के बीच डॉ. सुशील गुप्ता ने हरियाणा के मुख्यमंत्री को सीधे तौर पर चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री खुद चानौत गांव आएं और ग्रामीणों को इस पाइपलाइन का कनेक्शन सौंपें। सरकार अपनी अकड़ छोड़े, क्योंकि हरियाणा की जनता बड़े-बड़ों की अकड़ तोड़ना जानती है। पानी के संकट के साथ-साथ उन्होंने हांसी और हिसार इलाके में बिगड़ती कानून व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में न बिजली है, न पानी, और हांसी में हाल ही में हुई हत्या की वारदातों ने साबित कर दिया है कि कानून व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है।

ग्रामीणों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर लड़ेगी ‘आप’

चानौत गांव के इस आंदोलन की एकता की तारीफ करते हुए डॉ. सुशील गुप्ता ने घोषणा की कि अब यह लड़ाई केवल ग्रामीणों की नहीं बल्कि आम आदमी पार्टी की है। जब तक चानौत गांव के घरों में पानी का कनेक्शन नहीं मिल जाता, पार्टी इस संघर्ष में हर कदम पर ग्रामीणों के साथ खड़ी रहेगी। इस मौके पर हांसी के जिला अध्यक्ष राजेंद्र सोरखी, युवा इकाई के प्रदेश उपाध्यक्ष सचिन जैन, एक्स सर्विसमैन विंग के जिला अध्यक्ष अजय शास्त्री, हलका अध्यक्ष सुभाष लोहान सहित सैकड़ों कार्यकर्ता और ग्रामीण उपस्थित रहे।