जंतर-मंतर पर पिछले 20 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक (Sonam Wangchuk) को शनिवार को उनके अनशन के 21वें दिन दिल्ली पुलिस (Delhi Police) सफदरजंग अस्पताल ले गई। पुलिस के अनुसार, उनकी बिगड़ती स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए और न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई। इस बीच, पुलिस कार्रवाई का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पुलिसकर्मी सोनम वांगचुक को धरना स्थल से ले जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इसे लेकर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आने लगी हैं। आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा सांसद संजय सिंह (Sanjay Singh) ने इस वीडियो को लेकर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि जिस तरीके से सोनम वांगचुक को धरना स्थल से हटाया गया, उस पर जवाब दिया जाना चाहिए।

संजय सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। संजय सिंह ने दिल्ली पुलिस पर गुंडागर्दी करने का आरोप लगाते हुए कहा, “ये क्या गुंडागर्दी चल रही है? पीएम मोदी, ये सत्ता का अहंकार लंबे समय तक नहीं चलता।” उन्होंने आगे कहा, “जिस युवा पर लाठी चला रहे हो, यही आपका तख्त उखाड़ेगा।”

संजय सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “एक शख्स जो पिछले 21 दिनों से आमरण अनशन पर है, उनकी मांगें सुनने के बजाय उनको जबरन गिरफ्तार करके हॉस्पिटल में भर्ती करा दिया गया।” उन्होंने सरकार से इस मामले पर जवाब देने और वांगचुक की मांगों पर बातचीत करने की अपील की। वहीं, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी दिल्ली पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें जबरन हिरासत में लिया। हालांकि, इन आरोपों पर दिल्ली पुलिस की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

पुलिस का कहना है कि यह कदम दिल्ली हाई कोर्ट के आदेशों के अनुपालन में उठाया गया और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई गई। दिल्ली पुलिस ने अपने बयान में कहा, “हाई कोर्ट के आदेशों का पालन करते हुए जब उन्हें अस्पताल ले जाने की कार्रवाई की जा रही थी, तब प्रदर्शनकारियों ने इसका विरोध करते हुए बाधा उत्पन्न करने का प्रयास किया, जिससे कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हालांकि, पुलिस ने अत्यधिक संयम बरतते हुए पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराई।” पुलिस के अनुसार, सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें चिकित्सकीय देखभाल के लिए सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

सौरभ भारद्वाज का दावा, बोले- CJP के प्रदर्शन पर हुई कार्रवाई

आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व विधायक सौरभ भारद्वाज ने दावा किया है कि दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के विरोध प्रदर्शन पर कार्रवाई की है। सौरभ भारद्वाज ने यह भी आरोप लगाया कि CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनका कहना है कि शनिवार सुबह तड़के दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर स्थित प्रदर्शन स्थल पर पहुंचकर सोनम वांगचुक को वहां से हटाया और इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया। वहीं, CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने भी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि कार्रवाई के दौरान उनके साथ मारपीट की गई और उन्हें जबरन हिरासत में लिया गया।

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से धरना समाप्त करने की अपील

जंतर-मंतर से सोनम वांगचुक को अस्पताल ले जाने के बाद दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से आंदोलन शांतिपूर्वक समाप्त करने और धरना स्थल खाली करने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी से सहयोग की अपेक्षा है। दिल्ली पुलिस ने अपने बयान में कहा, “हम जंतर-मंतर पर धरना दे रहे सभी प्रदर्शनकारियों से आग्रह करते हैं कि वे जल्द से जल्द शांतिपूर्ण ढंग से धरनास्थल खाली करें।” पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और प्रशासन के साथ सहयोग करने की भी अपील की।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m